सो रही सोमनी पंचायत : इधर कॉम्प्लेक्स का हो रहा अवैध निर्माण, दुकानदारों की चल रही मनमानी

0

राजनांदगांव। शहर से लगे ग्राम पंचायत सोमनी में व्यवसायिक परिसर की दुकानों में तोड़फोड़ कर अवैध निर्माण कराने की मनमानी थम नहीं रही है। दुकानदार ही कॉम्प्लेक्स की दुकानों को अपने अनुसार बनाने के लिए तोड़फोड़ कर अवैध तरीके से निर्माण करा रहे है। पूर्व में भी ऐसी कई शिकायतें सामने आ चुकी है, लेकिन एक भी मामले में ग्राम पंचायत ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे यह साफ है कि पंचायत के प्रतिनिधि कुम्भकरणीय नींद में है, जिसके कारण ही दुकानदार धड़ल्ले से दुकानों को तोड़कर अवैध निर्माण में लगे हुए है।
बता दें कि ग्राम सोमनी में बस स्टैंड से फरहद रोड में शासकीय स्कूल की बाउंड्री से लगकर करीब 26 दुकानें बनी है। इसमें से कई दुकानें किराए में है। वहीं कुछ दुकानों को जिन्हें आवंटित किए थे, वो बेच चुके है। वर्तमान में इसी कॉम्प्लेक्स की पांच से छह दुकानों को दुकानदार तोड़फोड़ कर अपने हिसाब से निर्माण करा रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। पूर्व में भी इसी तरह कई दुकानों को दुकानदार नए सिरे से निर्माण करा चुके है, जबकि इसके लिए ग्राम पंचायत या जिला प्रशासन से किसी तरह की कोई अनुमति तक नहीं ली गई। कुछ रसूखदार दुकानदारों की इसी मनमानी के चलते गांव के युवाओं में रोष भी है।
व्यवसायिक परिसर की दुकानों को तोड़कर नए सिरे से निर्माण कराने की मनमानी पर पंचायत किसी तरह की सुध नहीं ले रहा है। पंचायत की यही अनदेखी दुकानदारों का हौसला बढ़ा रही है। जिसके कारण रसूखदार व्यवसायी बिना प्रशासनिक भय के बेधड़क अवैध निर्माण करा रहे हैं।
ग्राम पंचायत सोमनी में चल रही मनमानी को लेकर पंचायत के प्रतिनिधि अब सवालों के कटघरे में खड़े हो गए हैं। बता दें कि पूर्ववर्ती पंचायती कार्यकाल में भी इसी तरह चार से पांच दुकानों को तोड़कर नया निर्माण कराया गया था। सालभर पहले भी कई दुकानदार इसी तरह की मनमानी कर चुके है। बावजूद अभी तक ऐसे मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।