रायपुर। प्रदेश के हजारों राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। संघ ने खास तौर पर दीपावली से पहले 33 दिन की हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान का आदेश जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि इससे हजारों कर्मचारियों को त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिल सकेगी।
संघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे और प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने 30 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजा है। इसमें 13 जून 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एनएचएम कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू करने की मांग की गई है। पदाधिकारियों के अनुसार, महासम्मेलन में 33 दिवसीय हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान सहित कर्मचारियों के हित में कई घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अब तक इनके क्रियान्वयन के आदेश जारी नहीं हुए हैं।
संघ ने पत्र में छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें 33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन का भुगतान, नवीन मानव संसाधन नीति (एचआर पॉलिसी) लागू करना, पारदर्शी स्थानांतरण नीति बनाना और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ चिकित्सा परिचर्या नियम लागू करना शामिल है। इसके अलावा ग्रेड-पे संबंधी मांग पर निर्णय लेने तथा संवैतनिक चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति जिला स्तर से सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे और प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी वर्षों से लंबित मांगों और मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना जरूरी है।
संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों की समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार कर जल्द आदेश जारी करने की अपील की है। उन्होंने विशेष आग्रह किया है कि 33 दिवसीय हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान का आदेश दीपावली से पहले जारी किया जाए, ताकि कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार खुशी से मना सकें।










