कांग्रेस कर रही बेवजह राजनीति : शिव वर्मा कहा – पहले जानकारी लें कुलबीर, शंकरपुरवासियों का न करें अपमान

1

*कांग्रेस कर रही बेवजह राजनीति : शिव वर्मा कहा – पहले जानकारी लें कुलबीर, शंकरपुरवासियों का न करें अपमान

राजनांदगांव – नगर निगम द्वारा मां काली, भगवान गणेश एवं भैरव बाबा की प्रतिमाओं के विसर्जन में काउकेचर वाहन के उपयोग को लेकर कांग्रेस नेता कुलबीर सिंह छाबड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता शिव वर्मा ने पलटवार किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का देखने का नजरिया ही खराब है। बिना पूरी जानकारी लिए किसी भी विषय पर प्रेसवार्ता कर आरोप लगाना कांग्रेस नेताओं की पुरानी कार्यशैली रही है। उन्हें पहले यह जानकारी जुटानी चाहिए थी कि प्रतिमा विसर्जन के लिए जिस वाहन का उपयोग किया गया, वह वास्तव में किस कार्य के लिए निगम में इस्तेमाल होता है।श्री वर्मा ने कहा कि मां काली की प्रतिमा का विसर्जन नगर निगम के वृक्षारोपण कार्य में उपयोग होने वाले काउकेचर वाहन से किया गया था। नगर निगम में अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग वाहन उपलब्ध हैं।

किस वाहन का उपयोग किस कार्य में होता है, इसकी जानकारी लिए बिना वाहन को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। कांग्रेस नेता केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए धार्मिक आस्थाओं का विषय बनाकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुलबीर सिंह छाबड़ा द्वारा इस मामले में शंकरपुर का उल्लेख करते हुए जिस तरह की टिप्पणी की गई है, उससे वहां के लोगों का अपमान हुआ है।

किसी भी क्षेत्र के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी नहीं की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं की राजनीति का तरीका ही जनता का अपमान करना, गलत बयानबाजी करना और जातिवाद एवं वोट बैंक के नाम पर लोगों को बांटना रहा है। हर विषय को राजनीतिक रंग देना उनकी आदत बन चुकी है। श्री वर्मा ने कांग्रेस नेता द्वारा भाजपा पर चंदा चोरी का आरोप लगाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस का इतिहास और उसकी कार्यशैली किसी से छिपी नहीं है।

भाजपा पर अनर्गल आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस नेताओं को तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनता का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। यही कारण है कि जनता ने भाजपा को अपना समर्थन देकर सरकार बनाने का अवसर दिया है।

भाजपा की प्राथमिकता जनता की भावनाओं, धार्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का ध्यान रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। श्री वर्मा ने कहा कि धार्मिक विषयों पर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस नेताओं को पहले पूरे मामले की वास्तविक जानकारी जुटानी चाहिए। नगर निगम के वाहन के उपयोग को लेकर यदि कोई सवाल है तो उसकी तथ्यात्मक जानकारी निगम प्रशासन से ली जा सकती है। बिना जानकारी के प्रेसवार्ता कर पूरे मामले को राजनीतिक विवाद बनाना उचित नहीं है। कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय जनता के बीच तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।