माँ और बाबा के दरबार में छग के भगतों ने शीश नवाया

0

देशनोक. विश्व में चूहों वाले मँदिर के रूप में प्रसिद्ध माँ करणी के दरबार में छत्तीसगढ़ से आए भगतों ने भी अपना शीश नवाया. भगतों ने विश्व में सुख, समृद्धि और शाँति बनाए रखने की प्रार्थना की.

छत्तीसगढ़ से आए भगतों ने पहले ओसिया स्थित माता सच्चियाय के दर्शन लाभ लिए. ओसियाँधाम में गणेशजी, हनुमान जी, भैरूनाथ जी सहित सभी नौ देवियों के समक्ष अपनी प्रार्थना भगतों ने रखी.

रामदेवरा से पहुँचे जोगीदासधाम…

ओसिया में ही जूनी गादी के नाम से प्रसिद्ध रानी भटियानी सा, सँवाईंसिंह दाता, लाल बन्ना सा के दर्शन कर भगतों की टोली रामदेवरा के लिए रवाना हुई. रामदेवरा में भगवान द्वारकाधीश के अवतार बाबा रामदेव की सँध्या आरती में सहभागिता निभाई.

रामदेवरा से यह दल जैसलमेर के रास्ते जोगीदास का गाँव पहुँचा. जोगीदासधाम माँ माजीसा का मायका है. यहाँ इन्हें भुआसा (बुआजी) के नाम से पूजा जाता है.

भादों के शुक्लपक्ष की सातम तिथि को माँ स्वरुपकँवर बाईसा जोकि माजीसा माँ के नाम से जानी जाती हैं अवतरित हुईं थी. इस बार उनके 338वें जन्मोत्सव में छत्तीसगढ़ के सेवकों को भी शामिल होने का सौभाग्य मिला.

हालाँकि सौभाग्य के मामले में छत्तीसगढ़ से आए भगत धनी रहे. उन्होंने माजीसा माँ के अवतरण दिवस पर ही उनके मायके जोगीदासधाम, उनकी ससुराल जसोल सहित बाड़मेर के माँ माजीसा मँदिर के भी दर्शन किए.

सुबह यह दल माजीसा माँ के अवतरण स्थल जोगीदासधाम की पूजा में शामिल होकर बाड़मेर के लिए रवाना हुआ. बाड़मेर में माजीसाधाम में दर्शन के बाद प्रसादी ग्रहण करने का सौभाग्य मिला.

बाड़मेर से यह दल जसोलधाम पहुँचा. जसोल, रानी भटियानी सा की ससुराल है. यहाँ सँध्या आरती में शामिल होने के बाद अगली सुबह ब्रह्म मुहूर्त के दर्शन का भी लाभ मिला.

जसोल से यह दल देशनोक के लिए रवाना हुआ. देशनोक में श्री करणी माँ की सँध्या आरती में शामिल होने के बाद अगली सुबह नवमीं तिथि पर हुए कार्यक्रम में इस ने सहभागिता निभाई.

देशनोक से यह दल नागौर के दर्शन लाभ की यात्रा पर रवाना हुआ. नागौर जिला अंतर्गत जायल तहसील के राजोद गाँव में सेना से सेवानिवृत हुए कप्तान सज्जन सिंह का निवास हैं.

कप्तान सज्जन सिंह को माँ करणी का इष्ट है. उनकी जीवनसँगिनी श्रीमती भँवरकँवर बाईसा को माँ माजीसा का इष्ट है. यहाँ पर दर्शन कर, परसादी ग्रहण कर यह दल वापसी की अपनी यात्रा पर रवाना हुआ.