शुभ दीपावली के साथ स्वच्छ दीपावली मनाने का लें संकल्प : विवेक मोनू भंडारी

0

राजनांदगांव। दीपावली का पर्व खुशियों, उमंग और रोशनी का प्रतीक है। इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ ही शहर की स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी ध्यान रखना जरूरी है। समाजसेवी विवेक मोनू भंडारी ने नागरिकों से शुभ दीपावली के साथ स्वच्छ दीपावली मनाने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि दीपावली के पहले घरों में साफ-सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है। पुराने सामान, प्लास्टिक, सजावट सामग्री और मिठाइयों के डिब्बे अक्सर सड़कों, नालियों और खाली स्थानों पर फेंक दिए जाते हैं। वहीं, त्योहार के बाद पटाखों का कचरा भी सार्वजनिक स्थानों पर बिखरा रहता है। इससे शहर की सुंदरता और स्वच्छता प्रभावित होती है।

भंडारी ने कहा कि जिस घर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए हम कई दिनों तक मेहनत करते हैं, उसी घर से निकलने वाला कचरा सार्वजनिक स्थानों पर फैलाकर शहर को गंदा करना उचित नहीं है। स्वच्छता के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहना या सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत करना पर्याप्त नहीं है। प्रशासन की जिम्मेदारी के साथ प्रत्येक नागरिक का योगदान भी जरूरी है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस दीपावली पटाखे जलाने के बाद निकलने वाले कचरे को स्वयं एकत्रित करें। घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। साथ ही परिवार के सदस्यों, बच्चों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि हमारा शहर भी हमारा घर है। जिस तरह हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी भावना से गलियों, मोहल्लों और पूरे शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। स्वच्छता केवल प्रशासन या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हमारे संस्कारों और नागरिक कर्तव्यों का हिस्सा है।

भंडारी ने कहा कि दीपावली पर खुशियां बांटने के साथ समाज और शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लेना चाहिए। खुशियां भी हमारी, जिम्मेदारी भी हमारी, शहर भी हमारा और स्वच्छता भी हमारी। उन्होंने सभी नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ एवं सुंदर राजनांदगांव बनाने में सहभागी बनने की अपील की।