कामधेनु महायज्ञ व गौ-कथा के सफल आयोजन के लिए वार्डों में बैठकों का दौर शुरू

0

राजनांदगांव। शक्ति धाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम, बापूटोला में आगामी 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कामधेनु महायज्ञ एवं गौ-कथा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आयोजन को भव्य रूप देने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में बैठकों और जनसंपर्क का दौर प्रारंभ कर दिया गया है।

इसी कड़ी में बाबुटोला (वार्ड क्रमांक 1), मोहारा (वार्ड क्रमांक 47) और कंचनबाग वार्ड में विशेष बैठकों का आयोजन किया गया। यह बैठकें संकल्पकर्ता हरीश यादव के सानिध्य में तथा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अनूप श्रीवास, प्रशांत वर्मा, प्रांशु भारतद्वाज, अखिलेश बंजारा, दुर्गा यादव, श्रीमती माया देशमुख, मीणा यादव और सुश्री प्रेमा सोनकर की अगुआई में संपन्न हुईं।

आयोजन समिति की ओर से शहर के सभी 51 वार्डों में ‘एक मुट्ठी चावल’ संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के जरिए हर घर से सीधे जुड़ाव स्थापित किया जा रहा है, ताकि आमजन में गौ-सेवा और धार्मिक आयोजनों के प्रति सहभागिता का भाव जागृत हो सके।

बैठक के दौरान कामधेनु महायज्ञ एवं गौ-कथा को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इसमें वार्ड प्रमुखों के साथ-साथ मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग देने और घर-घर जाकर जनसंपर्क चलाने की प्रतिबद्धता जताई। उपस्थित वार्डवासियों ने जोर दिया कि प्रत्येक परिवार तक गौ-संरक्षण और गौ-सेवा का संदेश पहुंचाया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल पूजा-अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से गौ-संरक्षण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण को बढ़ावा देना है। आयोजन समिति ने शहर के सभी धर्मप्रेमी, गौ-सेवक और समाजसेवी नागरिकों से इस पावन कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।