*प्रधानमंत्री के स्वदेशी एवं बचत अभियान का कैट ने किया स्वागत**0 देशहित में स्वदेशी अपनाने और ईंधन बचाने का लिया संकल्प*

राजनांदगांव- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम दिए गए संदेश में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने तथा आयातित वस्तुओं की खरीद से बचने की अपील का कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) राजनांदगांव इकाई ने स्वागत किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे देश की आर्थिक मजबूती एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया एवं जिला अध्यक्ष राजू डागा ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्तमान समय में देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि देशवासी स्थानीय एवं भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो छोटे व्यापारियों, उद्योगों एवं रोजगार को मजबूती मिलेगी।

संगठन के पदाधिकारियों संजय तेजवानी, अशोक पांडे, लक्ष्मण लोहिया, भावेश अग्रवाल,सूरज बुद्धदेव , राजा माखीजा, बृजकिशोर सुरजन, सीए राजेश जैन, राहुल जायसवाल, संजय लड्ढा, अमित खंडेलवाल एवं आलोक बिंदल ने कहा कि विदेशों से आयातित वस्तुओं की खरीद में कमी केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तथा पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत से बचें।

कैट पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश केवल आर्थिक अनुशासन नहीं बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा सामाजिक अभियान है।
संगठन ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने तथा देशहित में बचत की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उक्त जानकारी जिला कैट के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।











