राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेसजनों ने पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव से मुलाकात कर जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था, अवैध शराब कारोबार, कथित स्वेच्छानुदान वसूली ऑडियो और शराब दुकान परिसर में नागरिकों पर पुलिस कार्रवाई के वायरल वीडियो की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हाल ही में वायरल हुए कथित ऑडियो में शासन की स्वेच्छानुदान राशि हितग्राहियों से वसूले जाने जैसी गंभीर बातें सामने आई हैं। यह मामला आर्थिक अपराध और सरकारी सहायता राशि के दुरुपयोग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। कांग्रेस ने ऑडियो की सूक्ष्म जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऑडियो में पूर्व सांसद का नाम सामने आना मामले को और गंभीर बनाता है।
कांग्रेस ने आबकारी विभाग की शराब दुकानों के बाहर पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि एक ओर सरकार शराब दुकान और चखना सेंटर संचालित कर रही है, वहीं दूसरी ओर तय सीमा में शराब खरीदने वाले नागरिकों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। आबकारी और पुलिस विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं। कांग्रेस ने वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और पुलिस को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ क्षेत्र में दूसरे राज्यों की शराब की अवैध बाटलिंग और तस्करी के लगातार सामने आ रहे मामलों पर भी चिंता जताई। कांग्रेस ने कहा कि जिले की सीमाओं से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है और मिलावटी शराब किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यह कारोबार आर्थिक अपराध के साथ.साथ आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा दे रहा है।
जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों में भय का वातावरण है। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
इस दौरान श्रीकिशन खंडेलवाल, मेहुल मारु, रुपेश दुबे, राकेश जोशी, सूर्यकांत जैन, शरद खंडेलवाल, अशोक पंजवानी, वीरेंद्र चंद्राकर, ललित कुमरे, झम्मन देवांगन, अमर झा, इब्राहीम जोया, बाबा राठौर, संदीप सोनी, विशु आजमानी, शिवम गढ़पायले, ऋषि शास्त्री, नरेश साहू, जय जायसवाल, आशीष साहू, लोकू यादव, राकेश चंद्राकर, राहुल चौबे, गोलू महानंद, सोनू साहू, अभिनय, आफताब अहमद, नंदकुमार साहू, बंटी यादव, हिमालय बंधे, ताहिर जोया, निश्चय बुराडे, राहुल बंधे, राजेश रंगारी सहित अन्य पदाधिकारीए कार्यकर्ता उपस्थित थे।










