स्वास्तिक समिति की बैठक संपन्न : समाज सेवा और गौसेवा को मिलेगा बल, जल्द बनेगी नवीन जिला-शहर कार्यकारिणी

0

राजनांदगांव। समाज कल्याण और गौसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाली स्वास्तिक जनसमर्पण सेवा समिति की महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक संपन्न हुई। बैठक में सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देनेए पर्यावरण संरक्षण और विशेषकर वर्षा ऋतु के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली गौवंश दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आगामी वर्ष हेतु राजनांदगांव जिला और शहर की नवीन कार्यकारिणी के गठन का भी निर्णय लिया गया है, जिसमें स्थानीय सक्रिय समाजसेवियों और युवाओं को नेतृत्व सौंपा जाएगा।
समिति के प्रदेश संयोजक अंशुल कसार ने बताया कि संगठन के सदस्य वर्षभर सेवा कार्यों में समर्पित रहते हैं। कार्यों को अधिक व्यवस्थित करने के लिए अब ऋतुओं के अनुसार चार-चार महीनों की अवधि में विभाजित कर एक विशेष सेवा कैलेंडर तैयार किया गया है।
इस कैलेंडर के अनुरूप ही जिले भर की शाखाओं में समाज कल्याण के कार्य संचालित होंगे। वर्षा ऋतु में सड़कों पर गौवंश की उपस्थिति बढ़ने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। नेशनल हाईवे क्षेत्र की विशेष टीमें इस दौरान हाई अलर्ट मोड पर काम करेंगी ताकि घायल गौवंश को तत्काल उपचार व प्रबंधन मिल सके।
समिति के प्रदेश संरक्षक सुनील सेन ने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर युवा तेजी से संगठन से जुड़ रहे हैं। राजनांदगांव के पांच गांवों में पूर्ण कार्यकारिणी स्थापित होने के बाद अब समिति का विस्तार प्रादेशिक स्तर पर दुर्ग और कोरबा जिलों में भी हो चुका है।
समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जानकारी दी कि संगठन मुख्य रूप से गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय है। इसके साथ ही समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जाता है। अब तक समिति के सदस्यों और जनसहयोग के माध्यम से ही सारे वित्तीय प्रबंध होते आए हैं, जिसे और व्यापक बनाने के लिए आगामी दिनों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और समाजसेवा के इन कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यम मिश्रा, गौरक्षा संयोजक दिव्यांश साहू, सह संयोजक रितेश साहू, वाशु शर्मा, उत्कर्ष मिश्रा, गौरव गुप्ता, प्रदीप दास, अभिवत्त सिंह, अंकुश गुप्ता, सत्यम साव, यमन साहू, गोपेन्द्र साहू, चंद्रशेखर साहू, सोहन साहू, कोमल साहू, हर्ष ठाकुर, विनय सिंह राजपूत और पीयूष साहू सहित बड़ी संख्या में गौसेवक व सदस्य उपस्थित थे।