डोंगरगांव/राजनांदगांव। सुशासन तिहार के अवसर पर विकासखंड शिक्षा कार्यालय छुरिया द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शिक्षा अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उपलब्धियों को सराहा।
कक्षा 10वीं में हायर सेकेंडरी स्कूल कुमर्दा, आमगांव, खुर्सीटिकुल और चिरचारीकला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 12वीं के छात्रों ने भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर अपने विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव ने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र-छात्राएं समाज के लिए प्रेरणा हैं और आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक करती हैं। जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और शिक्षा विभाग के प्रयास की सराहना की। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीताघासी साहू, एकांत चंद्राकर, गोविंद साहू, भेष बाई साहू, अनिरुद्ध चंद्राकर, नवीन साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रशांत कुमार चितवर्कर, प्राचार्य एमके बोरकर, आरके दुबे, श्रीमती एम. माहेश्वरी, सीके देवांगन, बीआरसी वीरेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, संजय साहू, विनोद यादव सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।










