राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के सीबीएसई विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने से वंचित किए जाने का मामला गंभीर चिंता का विषय है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने पहल करते हुए विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह को पत्र सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने जारी बयान में बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने पत्र के माध्यम से बताया है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की सीबीएसई के लिए पृथक इकाई को मान्यता दिए जाने के आधार पर सीबीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं से बाहर रखा जा रहा है। इसका प्रभाव प्रदेश के लगभग 600 से अधिक सीबीएसई विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
इसी विषय को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव से सर्किट हाउस में भेंट कर उन्हें भी पूरे मामले से अवगत कराया और इस दिशा में सकारात्मक पहल कर शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आग्रह किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि केवल शिक्षा बोर्ड अलग होने के आधार पर किसी विद्यार्थी को खेल प्रतियोगिता के अवसर से वंचित करना उचित नहीं है। खेल प्रतिभा बोर्ड की मोहताज नहीं होती। सीबीएसई विद्यालयों में पढ़ने वाले अनेक विद्यार्थी विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। उन्हें भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन प्रस्तावित होने के कारण समय रहते निर्णय लिया जाना आवश्यक है। विधानसभा अध्यक्ष से संबंधित विभाग एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा सीबीएसई विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं में समान अवसर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
विपिन यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार और संबंधित विभाग को तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, ताकि किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का भविष्य केवल उसके विद्यालय के शिक्षा बोर्ड के कारण प्रभावित न हो।
Home छत्तीसगढ़ राजनांदगाँव सीबीएसई विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं से वंचित करना अन्यायपूर्ण : विपिन यादव










