समाजसेवा के लिए डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू को मिला ‘प्राइड ऑफ भारत अवॉर्ड’

0

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिभा सम्मान महासम्मेलन एवं राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह-2026 में समाजसेवा, जनजागरूकता एवं जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू को ‘प्राइड ऑफ भारत अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान के रूप में प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किया गया।

समारोह में देशभर से प्रतिभाशाली व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

जनसेवा करने वालों का उत्साह बढ़ाते हैं ऐसे सम्मान : पुरेंद्र मिश्रा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुरेंद्र मिश्रा ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में निस्वार्थ भाव से जनसेवा करने वाले लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों का उत्साह बढ़ाने के साथ युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

महापौर मनील चौबे ने भी डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू सहित अन्य सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रायपुर और छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। समाजहित से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता जरूरी है।

प्रतिभाओं को मंच देना आयोजन का उद्देश्य : कांति महाजन

समारोह की आयोजक कांति महाजन ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें सम्मान देना और उनके कार्यों को समाज के सामने लाना महासम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में आर्थिक विकास के साथ समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के क्षेत्र में योगदान देने वालों की भी अहम भूमिका है।

सम्मान को सहयोगियों को समर्पित किया

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनहित के कार्यों में साथ देने वाले सहयोगियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, जनजागरूकता, सामाजिक सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद वर्गों के हित में कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।