सात मांगों को लेकर आप ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन : एग्रीस्टेक से लेकर सड़क, बिजली, शिक्षा-स्वास्थ्य और नशे के मुद्दे उठाए, अपर कलेक्टर को दिया ज्ञापन

0

राजनांदगांव। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को प्रदेश की विभिन्न समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर कलेक्टर को सौंपा। लोकसभा अध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी भूपेश तिवारी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवारा मवेशियों और नशे से जुड़े मुद्दों पर शासन का ध्यान आकर्षित कराया।

पार्टी नेताओं ने एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रक्रिया सरल करने और रकबा समर्पण से जुड़ी किसानों की परेशानियां दूर करने की मांग की। किसानों को खाद उपलब्ध कराने और कृषि संबंधी व्यवस्थाओं में राहत देने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।

आप पदाधिकारियों ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और शैक्षणिक स्तर में सुधार की मांग की। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, दवाइयां और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। पार्टी नेताओं ने मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।

ज्ञापन में जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। आवारा मवेशियों के उचित व्यवस्थापन और रखरखाव की व्यवस्था बनाने तथा गौधाम योजना से संबंधित शिकायतों की जांच कराने की मांग भी रखी गई।

बिजली के बढ़े हुए बिल और दरों को लेकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। पार्टी ने अधिक बिल आने की शिकायतों की जांच कर उचित निराकरण की मांग की।

आप ने प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार पर नियंत्रण और मिलावटी शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को लगातार कार्रवाई करनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने वालों में लोकसभा उपाध्यक्ष अशोक चौबे, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष आरिफ खान, संगठन विचारक उज्जवल दिवान, युवा मोर्चा से प्रभांशु खोबरागड़े, रमेश पाल, सम्राट खत्री, पवन परखा, ललित, वरिष्ठ नेता ठाकुरी राम साहू, जिला मीडिया प्रभारी ललित कुमार कंवर, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू, निलेश साहू सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।