राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी मार्ग में प्रतिबंध न लगे, दोनों मार्ग खुले रखें – भक्तगण संस्कारधानी

राजनांदगांव, – संस्कारधानी राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकियों को लेकर भक्तगण संस्कारधानी ने प्रशासन से मांग की है कि झांकी एवं विसर्जन के दौरान भारत माता चौक से तिरंगा चौक तथा भारत माता चौक से महेश पथ-गंज चौक होते हुए नंदई-मोहरा विसर्जन स्थल तक जाने वाले दोनों मार्गों को खुला रखा जाए।

भक्तगणों का कहना है कि समितियों को अपनी सुविधा और परिस्थिति के अनुसार मार्ग का चयन करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।भक्तगण संस्कारधानी के राजू डागा ने बताया कि वर्तमान में प्रस्तावित झांकी मार्ग महाकाल चौक, आजाद चौक से भारत माता चौक होते हुए कामटी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग से तिरंगा चौक तक जाता है। यह मार्ग अपेक्षाकृत संकरा है और इसमें कई मोड़ भी हैं, जिससे बड़ी झांकियों के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है।उन्होंने बताया कि इसके अलावा भारत माता चौक से सीधे महेश पथ, गंज चौक होते हुए नंदई और मोहरा विसर्जन स्थल तक जाने वाला मार्ग अपेक्षाकृत चौड़ा है। इस मार्ग पर डिवाइडर सहित यातायात के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है तथा गंज चौक और नंदई चौक से बसंतपुर बाईपास की ओर जाने के वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध हैं।

समितियां अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकें मार्ग भक्तगण संस्कारधानी की मांग है कि दोनों मार्गों पर प्रतिबंध लगाने के बजाय उन्हें आवागमन के लिए खुला रखा जाए। जिस गणेश उत्सव समिति को कामटी लाइन वाले मार्ग से जाना है, वह उस मार्ग का उपयोग करे तथा जो समिति महेश पथ-गंज चौक होते हुए सीधे नंदई और मोहरा विसर्जन स्थल की ओर जाना चाहती है, उसे उस मार्ग से जाने की अनुमति दी जाए।
राजू डागा ने कहा कि इससे झांकियों का दबाव एक ही मार्ग पर नहीं रहेगा और समितियां अपनी झांकी के आकार, सुविधा एवं यातायात की स्थिति को देखते हुए मार्ग का चयन कर सकेंगी। दोनों मार्ग खुले रहने से यातायात का विभाजन होगा और प्रशासन को भी व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा होगी।उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि गणेश विसर्जन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं यातायात की दृष्टि से सुविधाजनक व्यवस्था बनाई जाए तथा दोनों मार्गों पर अनावश्यक प्रतिबंध से बचा जाए।
मांग का समर्थन करने वालों में राजू डागा, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा, सागर चितलांगिया, अशोक पांडे, संजय तेजवानी, अमित खंडेलवाल, सूरज बुद्धदेव, लक्ष्मण लोहिया, विजय राय, आलोक बिंदल, प्रतीक अग्रवाल, अमित खंडेलवाल, राजेश जैन, राहुल जायसवाल, प्रकाश कांकरिया एवं राजेंद्र जैन विवेक , भोला,सहित भक्तगण संस्कारधानी के सदस्य शामिल हैं।
















