रात के अंधेरे में छोटे व्यापारियों की दुकानें ढहाना अन्यायपूर्ण, 24 घंटे में आजीविका बहाल करे नगर निगम : जितेंद्र मुदलियार

0

राजनांदगांव। गोलबाजार में दुकानों पर रात के अंधेरे में की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने महापौर मधुसूदन यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला प्रशासन, राजगामी संपदा न्‍यास और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई छोटे व्यापारियों की आजीविका पर सीधा प्रहार है। जब चिन्हित क्षेत्र के व्यापारी स्वयं व्यवस्थित ढंग से स्थान खाली करने और पुनर्व्यवस्थापन के लिए तैयार थे, तब प्रशासन ने रात के अंधेरे में उनकी दुकानें ढहाने का रास्ता क्यों चुना? यह कार्रवाई प्रशासनिक संवेदनहीनता और एकतरफा रवैये को उजागर करती है।

मुदलियार ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम की पहली जिम्मेदारी प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना थी, ताकि उनकी रोजी-रोटी पर संकट न आए। लेकिन बिना समुचित सूचना और पुनर्व्यवस्थापन की व्यवस्था किए बुलडोजर चला दिया गया। इससे दर्जनों परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। जीवनभर की पूंजी लगाकर कारोबार खड़ा करने वाले छोटे व्यापारियों को अब उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। उनके परिवारों के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विकास और अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीब और छोटे व्यापारियों को इस तरह उजाड़ देना ही प्रशासन की नीति है?

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर एक शताब्दी पुराने बाजार में जिस तरह कार्रवाई की गई, उससे शहर के छोटे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। संस्कारधानी राजनांदगांव की पहचान आपसी सौहार्द और संवेदनशील सामाजिक व्यवहार से रही है। ऐसे शहर में रातोंरात बुलडोजर चलाकर लोगों की आजीविका छीनना उचित नहीं है। एकतरफा कार्रवाई से असंतोष बढ़ता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका पैदा होती है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रभावित दुकानदारों और पसरा लगाने वाले व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने नगर निगम को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि प्रभावित लोगों की आजीविका तत्काल बहाल करने के लिए समुचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बुलडोजर कार्रवाई में जिन दुकानदारों का सामान और संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है, उन्हें हुए नुकसान की भरपाई भी की जाए।

मुदलियार ने कहा कि महापौर शहर के जनप्रतिनिधि हैं। उन्हें प्रभावित परिवारों की पीड़ा और उनके रोजगार की चिंता करनी चाहिए थी। जिला प्रशासन, राजगामी संपदा न्‍यास और नगर निगम भी अपनी जवाबदारी से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि गोलबाजार की यह कार्रवाई राजनांदगांव का रिवाज नहीं बनने दी जाएगी। छोटे व्यापारियों से एक झटके में उनकी जीवनभर की पूंजी और आजीविका छीनकर उन्हें असहाय छोड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रभावित व्यापारियों के साथ खड़ी रहेगी और उनकी आजीविका बहाल होने तक आवाज उठाती रहेगी।