49वीं वार्षिक साधारण सभा में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर आईएमपीएस सुविधा का शुभारंभ, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के करीब 4 लाख ग्राहकों को मिलेगा तत्काल राशि हस्तांतरण का लाभ

राजनांदगांव- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव की 49वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन उदयाचल प्रांगण, राजनांदगांव में किया गया। सभा में बैंक के कार्यक्षेत्र अंतर्गत आने वाले राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की सभी 356 समितियों के प्राधिकृत अधिकारी उपस्थित रहे।

वार्षिक सभा में बैंक की कार्यप्रणाली, सहकारी समितियों की भूमिका तथा किसानों और ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

सभा के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल ने बैंक में आईएमपीएस (IMPS) सुविधा का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से बैंक से जुड़े लगभग 4 लाख ग्राहकों को तत्काल राशि हस्तांतरण की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। बैंकिंग सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आईएमपीएस सुविधा के माध्यम से ग्राहक आवश्यकता के अनुसार कम समय में राशि का हस्तांतरण कर सकेंगे। इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल ने धान खरीदी के प्रारंभिक समय में उत्पन्न विषम परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजना धान खरीदी को समितियों के माध्यम से व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से प्रारंभ करने में समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

सभा में बैंक के कार्यक्षेत्र की सभी समितियों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। किसानों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने, सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा बैंक की सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बैंक और समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभा में उपस्थित सभी प्राधिकृत अधिकारियों, बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा संबंधित सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। वार्षिक साधारण सभा में बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुधीर सोनी, अधीक्षक सुरेश द्विवेदी, मनीष श्रीवास्तव, प्रकाश शुक्ला, संजय बाजपेयी, योगेश्वर वर्मा, नोडल अधिकारी रवि मिश्रा, योगेंद्र शर्मा, दिलीप अचला नंदीश्वर, सुनीता, नमिता सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभा का सफल संचालन बैंक के प्रबंधक प्रकाश अखिलेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों की उपस्थिति रही और बैंक की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।















