राजनांदगांव में होटल राजदूत एवं होटल राज इंपीरियर के बेसमेंट में बार संचालन की शिकायत, जांच की मांग

0

राजनांदगांव। जनता युवा कांग्रेस के जिला महासचिव ऋषभ रामटेके ने राजनांदगांव शहर स्थित होटल राजदूत बार एवं होटल राज इंपीरियर के बेसमेंट में बार एवं उससे संबंधित गतिविधियों के संचालन की शिकायत करते हुए सहायक आबकारी आयुक्त, जिला राजनांदगांव को आवेदन सौंपा है।

शिकायत में कहा गया है कि यदि संबंधित प्रतिष्ठानों के स्वीकृत भवन मानचित्र में बेसमेंट का उपयोग पार्किंग, भंडारण अथवा किसी अन्य निर्धारित प्रयोजन के लिए किया गया है, तो वहां बार संचालन की अनुमति एवं वैधता की जांच किया जाना आवश्यक है।

ऋषभ रामटेके ने आबकारी विभाग से मांग की है कि दोनों प्रतिष्ठानों के स्वीकृत भवन मानचित्र, बार लाइसेंस एवं लाइसेंस की स्वीकृत परिसर सीमा का मौके पर मिलान कराया जाए तथा स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
साथ ही बेसमेंट के प्रवेश-निकास, आपातकालीन निकास, अग्निशमन व्यवस्था, फायर सेफ्टी/NOC, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों की भी संबंधित विभागों के माध्यम से जांच कराने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में आबकारी, नगर निगम, भवन स्वीकृति, अग्नि सुरक्षा अथवा अन्य लागू नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

आवेदन में जांच की तारीख, निरीक्षण करने वाले अधिकारियों की टीम, जांच में पाए गए तथ्यों तथा की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी आवेदक को उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।