आज निकलेगी भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल की प्रथम सावन सोमवार पालकी यात्रा शिवभक्ति, भजन-कीर्तन और पारंपरिक प्रस्तुतियों से शिवमय होगा शहर

राजनांदगांव। सावन माह के प्रथम सोमवार पर आज भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। महाकाल सेना भक्त मण्डल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में भक्तों से पालकी यात्रा में शामिल होकर भगवान चंद्रमौलेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

महाकाल सेना के अनुसार पालकी यात्रा आज दोपहर 1 बजे नंदई हॉट बाजार से प्रारंभ होगी। यात्रा इंदिरा नगर चौक, बासपाई पारा, दुर्गा चौक, गांधी चौक, महाकाल चौक, आजाद चौक, गुड़ाखू लाइन एवं गोल बाजार से होते सत्यनारायण मंदिर से महालक्ष्मी मंदिर, हमाल पारा पहुंचेगी, जहां यात्रा का विश्राम होगा।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान महाकाल की आरती, पुष्पवर्षा एवं स्वागत किया जाएगा। भजन-कीर्तन, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भगवान शिव के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

महाकाल पालकी यात्रा के प्रमुख पवन डागा ने बताया कि धार्मिक मर्यादा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी यात्रा में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है तथा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने वाला गेड़ी नृत्य यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि पालकी यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से सनातन परंपराओं के अनुरूप वेशभूषा धारण करने का आग्रह किया गया है। यात्रा के दौरान सेवा कार्यों के तहत विभिन्न स्थानों पर जलपान, शीतल पेय, प्रसाद वितरण एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजकों ने बताया कि उज्जैन महाकाल की तर्ज पर निकाली जाने वाली यह पालकी यात्रा अब संस्कारधानी राजनांदगांव की पहचान बन चुकी है। सावन माह के प्रत्येक सोमवार को निकलने वाली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति ने सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी है।












