भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत, विहिप-बजरंग दल ने पिलाया आम पना

0

राजनांदगांव। इस वर्ष नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से आम जनजीवन बेहाल है। ऐसे में राहगीरों, वाहन चालकों और यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सेवा विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महावीर चौक स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के सामने स्टाल लगाकर लोगों को ठंडा-ठंडा आम का पना वितरित किया।
तेज धूप और लू के थपेड़ों से परेशान सैकड़ों नागरिकों ने आम पना पीकर अपनी प्यास बुझाई और गर्मी से थोड़ी राहत पाई।
इस सेवा कार्य के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नौतपा की इस भीषण गर्मी में नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। यह सेवा कार्य पूरे नौतपा तक निरंतर जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने आम जनता से अपील की कि वे इस मौसम में अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें, धूप में निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पीएं और अपने घरों के बाहर पशु-पक्षियों के लिए भी दाना-पानी का प्रबंध जरूर करें।
विहिप-बजरंग दल के इस सेवा स्टाल पर राजनांदगांव जिले के कलेक्टर जितेंद्र यादव एवं नगर पालिक निगम के आयुक्त अतुल विश्वकर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। दोनों अधिकारियों ने खुद अपने हाथों से राहगीरों और यात्रियों को आम का पना पिलाया। कलेक्टर और निगम आयुक्त ने संगठन के इस मानवीय कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और कहा कि संकट के इस मौसम में समाज के जरूरतमंदों की सहायता करना बेहद अनुकरणीय कदम है।
इस पूरे सेवा कार्य में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुस्तैदी से जुटे रहे।