राजनांदगांव। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राजनांदगांव द्वारा दिग्विजय महाविद्यालय के कई विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्या का समाधान करते हुए छात्र हित में महत्वपूर्ण पहल की गई। पारिवारिक, आर्थिक एवं अन्य व्यक्तिगत समस्याओं के कारण कई विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए थे, जिसके चलते परीक्षा पोर्टल बंद हो चुका था और विद्यार्थियों के सामने परीक्षा से वंचित होने का संकट खड़ा हो गया था।
विद्यार्थियों एवं उनके परिजन लगातार महाविद्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राजनांदगांव एवं जनभागीदारी समिति ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की। परिषद पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभाग से चर्चा कर विद्यार्थियों की स्थिति से अवगत कराया तथा मानवीय आधार पर समाधान की मांग की।
एबीवीपी एवं जनभागीदारी समिति के प्रयासों से बंद पोर्टल को पुनः चालू करवाया गया, जिसके बाद प्रभावित विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरवाए गए। साथ ही विभागीय प्रक्रिया को भी पूर्ण करवाकर विद्यार्थियों को बड़ी राहत दिलाई गई। परिषद की इस पहल से कई विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच गया।
एबीवीपी नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी का भविष्य केवल तकनीकी कारणों या परिस्थितियों के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए परिषद निरंतर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करना परिषद का दायित्व है और आगे भी परिषद इसी प्रकार विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहेगी।
नगर सह मंत्री भूपेंद्र पाल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल आंदोलनों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की हर समस्या में उनके साथ खड़ा रहने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि परिषद आगे भी छात्र हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों ने एबीवीपी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए परिषद की पहल की सराहना की।
Home छत्तीसगढ़ राजनांदगाँव दिग्विजय महाविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्या का समाधान, एबीवीपी के प्रयासों से...










