डोंगरगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिला प्रतिनिधिमंडल

0

डोंगरगढ़। मां बम्लेश्वरी की पावन नगरी डोंगरगढ़ अब खेल प्रतिभाओं की उभरती हुई भूमि के रूप में अपनी विशेष पहचान बना रही है। यहां के युवा खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। हालांकि, आधुनिक खेल अधोसंरचना, रनिंग ट्रैक, इंडोर-आउटडोर परिसर और खेल उपकरणों का अभाव आज भी उनके सामने बड़ी चुनौती है।
इन्हीं महत्वपूर्ण मांगों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे के नेतृत्व में डोंगरगढ़ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात करने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नगर की खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों की उपलब्धियों तथा खेल सुविधाओं की वर्तमान स्थिति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. रमन सिंह को बताया कि डोंगरगढ़ के खिलाड़ी एथलेटिक्स, कराटे, जिजिसु, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट और फुटबाल जैसे खेलों में लगातार पदक जीत रहे हैं। यदि इन्हें आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाए, तो ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी तिरंगा लहरा सकते हैं। वर्तमान में खिलाड़ियों को कोचिंग के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभावान युवाओं को बेहतर मंच और अधोसंरचना उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि डोंगरगढ़ में आधुनिक खेल परिसर, बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम और रनिंग ट्रैक के विकास के लिए वे संबंधित विभाग से शीघ्र पत्राचार करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर इस विषय को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएंगे।
मुलाकात के दौरान डोंगरगढ़ राजपूत समाज के प्रतिनिधियों ने सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए समाज भवन निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग की मांग रखी। इस पर सहृदयता दिखाते हुए डॉ. रमन सिंह ने भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया, जिस पर समाज के पदाधिकारियों ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष उमा महेश वर्मा, सभापति अमित जैन, जिला खेल संघ अध्यक्ष विवेक मोनू भंडारी, खेल शिक्षक राणा अजय सिंह तथा राजपूत समाज के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।