गणेश चतुर्थी पर नवोदय विद्यालय में वृक्षारोपण, भूतपूर्व छात्रों और बच्चों ने लगाए नारियल के पौधे

0

डोंगरगढ़। मां बमलेश्वरी की पवित्र नगरी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के एलुम्नाई (पूर्व छात्र) व डोंगरगढ़ के होम्योपैथी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आलोक कलचुरी सहित अन्य भूतपूर्व छात्रों और विद्यालय स्टाफ के नन्हे बच्चों ने मिलकर नारियल के पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एस. सिंह एवं उप-प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने बच्चों के साथ पौधे रोपकर इस सराहनीय पहल का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व छात्र आकाश पुजारी, लोमेश मांडवी, भीष्म ठाकुर, सुधीर गोलछा और सुषमा आलोक कलचुरी ने विद्यालय में अपनी पुरानी यादों को साझा किया और परिसर के चारों ओर हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण की इच्छा व्यक्त की।

पर्यावरण संवर्धन की इस कड़ी में कक्षा सातवीं की छात्रा आभा बागड़े के माता-पिता (जो चिकित्सा विभाग में कार्यरत हैं) ने विद्यालय को 10 हाइब्रिड नारियल के पौधे भेंट किए। प्राचार्यों और समस्त नवोदय परिवार ने बागड़े परिवार का आभार व्यक्त किया। प्राचार्यों ने कहा कि यदि बाउंड्री वॉल के किनारे इसी तरह नारियल के पौधे लगाए जाएं, तो विद्यालय परिसर और भी सुंदर दिखेगा। साथ ही अपील की गई कि यदि प्रत्येक अभिभावक विद्यालय में एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लें, तो परिसर हरा-भरा और सुंदर बन जाएगा।

नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ देश भर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। डोंगरगढ़ में ही पदस्थ पूर्व छात्र डॉ. आलोक कलचुरी एवं अन्य एलुम्नाई लगातार विद्यालय को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिसके लिए विद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल, रोशन, सुनील कुमार और भास्कर राव सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।