एनएसएस स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने किया वृक्षारोपण

0

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस पर सामुदायिक सेवा और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य एसके सिंह, उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार पाल एवं शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की।

इसके बाद कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के साथ एनएसएस की इकाई गोद ग्राम नागतराई पहुंची। यहां माध्यमिक शाला परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधरोपण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और नशामुक्ति को लेकर अपने विचार भी रखे। एनएसएस का उद्देश्य नागतराई को स्वच्छ, सुंदर और नशामुक्त गांव बनाने के साथ साक्षरता को बढ़ावा देना भी है।

स्वच्छता से बीमारियों से बचाव का दिया संदेश

कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार पाल ने वर्तमान समय में वृक्षारोपण की आवश्यकता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्र बृजेश कुमार ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा पर विचार रखे। कक्षा 11वीं के छात्र सूर्य किरण साहू ने स्वच्छता और साफ-सफाई के माध्यम से बीमारियों से बचाव की जानकारी दी।

कार्यक्रम में निखिल वर्मा, ईशान साहू, मुनेंद्र, उमेश, पूर्णानंद धावड़े, शुभम कोरे, चुनेश्वर एवं थानेश्वर कश्यप सहित विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

कई वर्षों से गांव में चल रही एनएसएस की गतिविधियां

नागतराई में एनएसएस इकाई द्वारा पिछले कई वर्षों से स्वच्छता, नशा उन्मूलन, प्रौढ़ शिक्षा और खुले में शौच निषेध जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच भुवन वर्मा और ग्राम कोटवार का भी सहयोग रहा है। उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने माध्यमिक शाला के शिक्षकों, विद्यार्थियों, सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिसर में भी लगाए पौधे

उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल, खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल और कैटरिंग सुपरवाइजर अवध नारायण ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में भी पौधरोपण किया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष पूर्व छात्र टिकेश्वर नेताम और भीष्म ठाकुर के बैच के सहयोग से करीब 150 नारियल के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल के लिए सभी पूर्व विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।