राजनांदगांव। गोल बाजार स्थित राजगामी संपदा के मटन-मछली मार्केट के व्यवसायियों को अन्यत्र व्यवस्थापित करने के प्रस्ताव पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि दशकों से यहां व्यवसाय कर रहे किरायेदारों को हटाने के बजाय गोल बाजार में ही अन्य व्यवसाय के लिए व्यवस्थित किया जाए। मटन-मछली कारोबार के लिए स्लाटर हाउस सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद और व्यवसायियों की सहमति लेकर ही आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।
छाबड़ा ने आरोप लगाया कि राजगामी संपदा के अधिकारी-कर्मचारियों और प्रशासन के माध्यम से दबाव बनाकर रात तीन बजे बुलडोजर चलवाकर दुकानदारों को हटाया गया। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि गोल बाजार मछली मार्केट की जगह पर क्या निर्माण किया जाना है और इसकी योजना जनता के सामने क्यों नहीं रखी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं धीरे-धीरे गोल बाजार के फल मार्केट और अन्य कारोबारियों को भी हटाने की तैयारी तो नहीं है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजगामी संपदा की ओर से 20 नवंबर 2026 को किरायेदारों को कब्जा हटाने का नोटिस दिया गया था। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी गौतमचंद पाटिल ने मीडिया के सामने उन्हें अतिक्रमणकारी बताया। छाबड़ा के मुताबिक, यहां मटन, मुर्गा और मछली का कारोबार करने वाले दुकानदार राजगामी संपदा को किराया देते हैं। नगर निगम से उन्हें मांस विक्रय का लाइसेंस भी जारी किया गया है। ऐसे में उन्हें अतिक्रमणकारी बताना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों की पीढ़ियां इसी स्थान पर व्यवसाय करती आ रही हैं।
छाबड़ा ने महापौर मधुसूदन यादव द्वारा नंदई क्षेत्र में व्यवस्थापन की बात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना स्लाटर हाउस और जरूरी सुविधाओं के मटन-मछली कारोबारियों को दूसरी जगह भेजने की बात की जा रही है। उनके अनुसार, महापौर के कार्यकाल में स्लाटर हाउस निर्माण के लिए नगर निगम के बजट में लाखों रुपये का प्रावधान किया गया था, लेकिन अब तक इसका निर्माण नहीं हुआ है। उन्होंने इसे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर बताया।
उन्होंने राजगामी संपदा की जमीन को लेकर भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप भी लगाया। छाबड़ा ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नोटिस जारी करने और बाद में व्यवस्थापन के नाम पर दुकानों के आवंटन में पक्षपात की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र और प्राथमिकता वाले लोगों को जगह देने के बजाय कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाया जाता है।
छाबड़ा ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को जमीन का मालिकाना हक देने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की ओर से लिखित निर्देश दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों को अब तक अधिकार नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर राजगामी संपदा के दुकानदारों के हक और प्राथमिकता को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि मटन-मछली का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को उनके वर्तमान स्थान पर ही अन्य कारोबार के लिए व्यवस्थित किया जाए। मटन-मछली मार्केट के लिए नियमों के अनुरूप स्लाटर हाउस और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएं। इसके बाद ही संबंधित व्यवसायियों की सहमति से व्यवस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।










