शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल व्यापारियों और शासन के बीच बैठक में व्यवस्था सुधारने तैयार हुई कार्ययोजना

1

, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल व्यापारियों और शासन के बीच बैठक में व्यवस्था सुधारने तैयार हुई कार्ययोजना

राजनांदगांव, 10 सितम्बर – शहर की बिगड़ती एवं चुनौतीपूर्ण ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में लगभग 50-60 व्यापारियों ने आपसी समन्वय बैठा कर बैठक मे व्यापक चर्चा की।

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, व्यापारिक क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था तथा आवागमन को सुगम बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में व्यापारियों ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शासन, प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।

व्यापारियों ने अपने सुझाव रखते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार ऐसा हो, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और आम नागरिकों को भी सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने आपसी सहमति से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई। कार्ययोजना के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करने तथा पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि व्यापारियों एवं नागरिकों का सहयोग और जागरूकता भी आवश्यक है।

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भरोसा दिलाया कि व्यापारी वर्ग प्रशासन के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में हरसंभव सहयोग करेगा।बैठक में प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी – वन-वे व्यवस्था: गुरुद्वारा चौक से वन-वे व्यवस्था प्रारंभ करने तथा महावीर चौक एवं भगत सिंह चौक की ओर से आवागमन की व्यवस्था को लेकर सहमति बनी। सामान बाहर नहीं रखने पर सहमति: व्यापारियों ने स्वयं यह जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई कि वे दुकानों का सामान सड़क अथवा बाहर सार्वजनिक स्थान पर नहीं रखेंगे। यदि इसके बावजूद सामान बाहर पाया जाता है तो नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र रहेगा।

लोडिंग-अनलोडिंग: गन चौक क्षेत्र में लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी सहमति एवं सुझाव दिए। छोटे पसरा व्यापारियों के लिए व्यवस्था: छोटे पसरा व्यापारियों के लिए फ्लावर के नीचे निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

व्यवस्था: व्यवस्थित पार्किंग के लिए तीन स्थानों को चिह्नित करने पर सहमति बनी—पुत्रीशाला स्कूल, गन चौक क्षेत्र एवं महावीर चौक।बैठक में चेंबर अध्यक्ष श्री कमलेश बैद जी ने सभी व्यापारियों की राय एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आपसी सहमति से आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। व्यापारियों की ओर से 5–6 सदस्यों की एक समिति गठित की गई है, जो आगे शासन-प्रशासन के साथ चर्चा कर इन व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप देने की दिशा में कार्य करेगी।

बैठक की जानकारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री श्री अरुण डुलानी द्वारा दी गई।बैठक पूरी तरह सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। व्यापारियों द्वारा अपनी समस्याओं के साथ-साथ शहर की बेहतर व्यवस्था के लिए स्वयं अनुशासन एवं सहयोग की जिम्मेदारी लेने की भावना की उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा और शहर की सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इन व्यवस्थाओं पर अभी से काम करना आवश्यक है, ताकि व्यापार भी सुचारु रहे और आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिल सके ।बैठक को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में व्यापारी वर्ग और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।