जावेद अंसारी हन्फी मस्जिद गोलबाजार के चौथी बार सदर, 323 मतों के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत

0

राजनांदगांव। हन्फी मस्जिद गोलबाजार के सदर पद के लिए हुए चुनाव में जनाब मोहम्मद जावेद अंसारी साहब ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए चौथी बार हन्फी मस्जिद गोलबाजार के सदर का पद हासिल किया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट मोहम्मद हसन को 323 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। जावेद अंसारी को 484 मत प्राप्त हुए, जबकि एडवोकेट हसन को 161 मत मिले। इस तरह मोहम्मद जावेद अंसारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से तीन गुना मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।
मुस्लिम समाज से शकील रिजवी ने जानकारी देते हुए बताया कि वक्फ बोर्ड के निर्देशानुसार हन्फी मस्जिद गोलबाजार में सदर पद का चुनाव शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। कुल 898 मतदाताओं में से 654 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 14 राउंड में हुई मतगणना में जावेद अंसारी ने सभी 14 के 14 राउंड में भारी बहुमत बनाते हुए अपनी मजबूत बढ़त कायम रखी। लगातार हर राउंड में बढ़त के बाद अंततः उनकी ऐतिहासिक जीत की घोषणा की गई।
जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जावेद अंसारी की जीत के बाद भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया तथा बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
जीत के बाद जावेद अंसारी ने सभी जमातियों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव खत्म हो चुका है, अब हम सब एक हैं। मस्जिद की बेहतरी और जमात की तरक्की के लिए सभी को साथ लेकर चलना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।
शकील रिजवी ने जावेद अंसारी को ऐतिहासिक जीत पर दिली मुबारकबाद देते हुए कहा कि उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हन्फी मस्जिद गोलबाजार में अमन, भाईचारे, इत्तेहाद और तरक्की का नया दौर शुरू होगा। मस्जिद की खिदमत में सभी जमातियों को साथ लेकर चलना ही इस जीत की असली खूबसूरती होगी।