राजनांदगांव। शिक्षक दिवस के अवसर पर राशि वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रानी अवंतीबाई लोधी महाविद्यालय घुमका में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें चिकित्सा, विधि, संगीत, साहित्य, वाणिज्य, कला और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का सम्मान किया गया।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ आयुर्वेद महाविद्यालय मनकी के डॉ. अजय श्रीवास्तव, पूर्व प्राध्यापक डॉ. अमलेन्दु हाजरा, डॉ. अमितेश सोनकर, डॉ. दीपक वर्मा, भारतेंदु प्रसाद वर्मा और प्रीति खुरशेल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजगामी संपदा राजनांदगांव की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू थीं। अध्यक्षता जनभागीदारी समिति घुमका महाविद्यालय के अध्यक्ष राजेश श्यामकर ने की। विशेष अतिथि राकेश इंदु भूषण ठाकुर, डॉ. संदीप भट्टाचार्य, मंडल अध्यक्ष जागेश्वर साहू, समाजसेवी मोना गोसाईं और लता महोबिया मौजूद रहीं।
राशि वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष संतोषी साहू ने कहा कि शिक्षा के अलग-अलग क्षेत्रों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को एक मंच पर सम्मानित करना संस्था के लिए गौरव का विषय है। मुख्य अतिथि पूर्णिमा साहू ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए स्वण् इंदुभूषण ठाकुर के जनशताब्दी वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षकों का एक साथ सम्मान किया जाना विशेष पहल है। शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और उनका योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।
विशेष अतिथि राकेश ठाकुर ने गुरु-शिष्य परंपरा की चर्चा करते हुए कहा कि श्रेष्ठ शिक्षक विद्यार्थियों की क्षमता पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने डॉ. अमलेन्दु हाजरा को द्रोणाचार्य की उपमा देते हुए कहा कि वे अपने आप में एक विश्वविद्यालय हैं।
राजेश श्यामकर ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देते हैं। इसी मार्गदर्शन से समाज को डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, न्यायाधीश और जिम्मेदार नागरिक मिलते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता विद्यार्थियों को संस्था की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव तरुण पटेल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कमलेश यादव, हमीदा कुरैशी, अश्वनी साहू, अशोक टंडन और गायत्री साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन की जानकारी संस्था के सचिव तरुण पटेल ने दी।










