नवोदय में 35वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो मीट का शुभारंभ, 10 संभागों के 553 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

0

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में मंगलवार को 35वीं नवोदय विद्यालय समिति राष्ट्रीय ताइक्वांडो मीट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से नवोदय विद्यालय समिति के 10 संभागों के 553 बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 3 सितंबर को होगा।

प्रतियोगिता में 290 बालिकाएं और 263 बालक खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ 10 टीम मैनेजर और 48 अनुरक्षक भी पहुंचे हैं। प्रतियोगिता नवोदय विद्यालय समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। क्षेत्रीय कार्यालय भुवनेश्वर के सहायक आयुक्त वाई.एस.एस. चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में आयोजन हो रहा है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर जितेंद्र यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने कहा कि खिलाड़ी अपनी मानसिक बाधाओं को तोड़ें और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें। कठिन परिस्थितियों को अवसर में बदलते हुए निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल शरीर के साथ-साथ मन को भी मजबूत बनाते हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास से खिलाड़ी अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

उद्घाटन अवसर पर खेल भावना और ऊर्जा के प्रतीक के रूप में मशाल प्रज्वलित की गई। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई। विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।

विद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी नृत्य की प्रस्तुति देकर प्रदेश की लोकसंस्कृति से प्रतिभागियों को परिचित कराया। विद्यालय परिसर में पूरे समय खेल भावना, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण बना रहा। खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों और देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय के विकास में कलेक्टर जितेंद्र यादव के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

विद्यालय के उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, एसडीएम विश्वास कुमार, नगर पालिका और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

राष्ट्रीय ताइक्वांडो मीट का आयोजन 1 से 3 सितंबर तक किया जाएगा। क्षेत्रीय कार्यालय भुवनेश्वर से आए सहायक आयुक्त चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य और शिक्षक आयोजन की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

कार्यक्रम में डोंगरगढ़ एसडीएम विश्वास कुमार, जवाहर नवोदय विद्यालय सूरजपुर के प्राचार्य अजीत प्रताप सिंह, विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों के उप प्राचार्य एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका जानकी उइके ने अतिथियों, खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों, अनुरक्षकों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।