53 करोड़ के दिग्विजय स्टेडियम में 50 लाख खर्च के बाद भी मैदान बदहाल, कांग्रेस ने उठाए सवाल

0

राजनांदगांव। 53 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए दिग्विजय स्टेडियम के मैदान की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने स्टेडियम मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैदान में करीब दो से तीन फीट तक गहरा गड्ढा मिलने के बाद कांग्रेस ने मैदान के समतलीकरण और रख-रखाव में गंभीर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

मुदलियार ने कहा कि मैदान को तैयार करने के लिए अब तक कई चरणों में राशि खर्च की जा चुकी है। सबसे पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा मैदान तैयार किया गया। इसके बाद ठेकेदार के माध्यम से करीब 20 लाख रुपये खर्च कर घास लगाई गई। फिर डीएमएफ मद से करीब 16 लाख रुपये मैदान की मरम्मत पर खर्च किए गए। इसके बावजूद मैदान खेल आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हो सका। अब चौथी बार करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब लगातार लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं तो मैदान की स्थिति में सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है? मैदान में हाईवा और ट्रैक्टर चलाए जा रहे हैं, जिससे भारी वाहनों के पहियों के कारण मिट्टी धंस रही है और जगह-जगह गड्ढे बन रहे हैं। ऐसे में रख-रखाव के नाम पर किए जा रहे दावों की वास्तविकता मैदान की हालत स्वयं बयां कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय स्टेडियम समिति के सचिव और सह सचिव की देखरेख में मैदान की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इन दोनों ही पदों पर राजनीतिक लोग हैं जबकि इस पद पर खेल से जुड़े लोगों की नियुक्ति होनी चाहिए ताकि इसकी देखरेख सही तरीके से हो और सभी खेल के खिलाडि़यों को इसका लाभ मिले। मुदलियार ने कहा कि रियासतकालीन धरोहर दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव के खिलाड़ियों की पहचान रहा है, लेकिन इसे तोड़कर जिस तरीके से बनाया गया है वह समस्‍या बन चुकी है। यहां न पार्किंग की ही व्‍यवस्‍था हो रही है और न खिलाडियों को सुविधाएं मिल रही है। इसलिए तत्‍काल राजनीतिक लोगों को समिति में पदो से हटाकर खिलाडि़यों को जिम्‍मेदारी सौंपी जाए।

कांग्रेस ने जिला प्रशासन और दिग्विजय स्टेडियम समिति के अध्यक्ष कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि अब तक मैदान पर खर्च की गई प्रत्येक राशि का भौतिक सत्यापन, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की तकनीकी जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकारी धन के उपयोग में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
इस दौरान मामराज अग्रवाल, रुबी गरचा, राकेश जोशी, अशोक पंजवानी, विनय झा, ललित मरकाम, अमर झा, अमित कुशवाहा, ऋषि शास्‍त्री, आशीष साहू, जय जायसवाल, राहुल मरकाम सहित अन्‍य कांग्रेसजन मौजूद थे।