महिलाओं को स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा सिलाई प्रशिक्षण

0

खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राशि वेलफेयर सोसाइटी राजनांदगांव द्वारा ग्राम पंचायत मासूल में आयोजित सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद सदस्य श्रीमती कोसरे एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत मासूल के सरपंच भीखम जांगड़े ने महिलाओं का हौसला बढ़ाया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कौशल विकास पर आधारित इस प्रकार के प्रशिक्षण महिलाओं को केवल आत्मनिर्भर ही नहीं बनाते, बल्कि समाज में उन्हें एक नई पहचान भी देते हैं। महिलाओं को इस सीखे हुए हुनर का उपयोग कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए और स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाना चाहिए।
संस्था की अध्यक्ष संतोषी साहू ने इस अवसर पर कहा कि राशि वेलफेयर सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना है।
वहीं संस्था के सचिव तरुण पटेल ने बताया कि इस विशेष प्रशिक्षण शिविर के दौरान महिलाओं को सिलाई कार्य की बारीकियों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे भविष्य में बिना किसी परेशानी के खुद का व्यवसाय शुरू कर सकें।
इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशिक्षिका श्रीमती काजल द्वारा किया गया। प्रमाण-पत्र पाकर खिल उठे चेहरों के बीच प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं का कहना था कि इस प्रशिक्षण से उन्हें न केवल सिलाई का नया हुनर सीखने को मिला, बल्कि समाज में कुछ नया करने का आत्मविश्वास भी जगा है।
इस गरिमामयी समापन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।