राजनांदगांव। शहर के वार्ड क्रमांक 18 (लाल बहादुर शास्त्री वार्ड) के अंतर्गत ममता नगर गली क्रमांक 05 के रहवासी इन दिनों अवैध कार पार्किंग, संकरी सड़क और बंद रास्तों के कारण उत्पन्न हुई गंभीर यातायात समस्या से जूझ रहे हैं। इस समस्या को लेकर वार्ड के सजग नागरिक राहुल खोब्रागढ़े के नेतृत्व में रहवासियों ने जिला कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। वार्डवासियों की ओर से सौंपे गए एक विस्तृत ज्ञापन में सड़क के चौड़ीकरण, बंद पड़े वैकल्पिक मार्गों को पुनः खुलवाने तथा मनमानी ढंग से की जा रही अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने की गुहार लगाई गई है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में राहुल खोब्रागढ़े ने बताया कि ममता नगर क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक सड़क पर लंबे समय से अवैध रूप से चौपहिया वाहन (कार) पार्क किए जा रहे हैं। इससे स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि दोपहिया वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को भी निकलने की जगह नहीं मिल रही है। मोहल्ले में पहले आवागमन के लिए 2 से 3 वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध थे, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें निजी भूमि बताते हुए अचानक बंद कर दिया है। इसके चलते अब पूरा मोहल्ला केवल एक संकरे मार्ग के भरोसे रह गया है और आए दिन यहां जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
मोहल्ले में यातायात व्यवस्था ध्वस्त होने से सबसे बड़ा खतरा छोटे बच्चों पर मंडरा रहा है, जिसकी ओर रहवासियों ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। उक्त गली में स्कूल संचालित होने के कारण प्रतिदिन सुबह और छुट्टी के वक्त सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक यहां से गुजरते हैं। मार्ग अवरुद्ध होने से मासूम बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है। रहवासियों ने चिंता जताई है कि संकरी सड़क और अवैध पार्किंग के कारण यदि कभी मोहल्ले में कोई आपातकालीन स्थिति (जैसे आग लगना या मेडिकल इमरजेंसी) निर्मित होती है, तो दमकल या एम्बुलेंस का दाखिल होना असंभव होगा।
बंद किए गए दोनों वैकल्पिक मार्गों की राजस्व एवं संबंधित विभागों से तत्काल जांच कराई जाए। यदि वे सरकारी या सार्वजनिक पाए जाते हैं, तो उन्हें तुरंत खुलवाया जाए। सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों को जब्त कर उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। गली का तकनीकी सर्वे कराकर सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई जाए, ताकि भविष्य में अतिक्रमण पर स्थायी रोक लग सके।
राहुल खोब्रागढ़े सहित ममता नगर के रहवासियों का कहना है कि यह मामला सीधे तौर पर जनसुरक्षा और सार्वजनिक सुविधा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि इस गंभीर विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र ही धरातल पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।










