कृषि उपज मंडी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, व्यापारियों ने जताई नाराजगी सब्जी, फ्रूट एवं अनाज मंडी की समस्याओं के समाधान की मांग

15

कृषि उपज मंडी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, व्यापारियों ने जताई नाराजगी0 सब्जी, फ्रूट एवं अनाज मंडी की समस्याओं के समाधान की मांग

ब्रेकिंग न्यूज़ राजनांदगांव

राजनांदगांव- कृषि उपज मंडी स्थित सब्जी मंडी, फ्रूट मंडी एवं अनाज मंडी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर व्यापारियों एवं संबंधित लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंडी परिसर में पानी, बिजली, सड़क, शेड एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जिससे व्यापारियों, किसानों, मजदूरों तथा आम जनता को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि मंडी परिसर में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने से गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। वहीं बिजली व्यवस्था भी लगातार प्रभावित रहने से कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। रात के समय सुरक्षा व्यवस्था लगभग न के बराबर होने से चोरी एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

मंडी से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में आम नागरिक, कृषक, मजदूर, व्यापारी, परिवहनकर्ता एवं कर्मचारी यहां कार्यरत रहते हैं, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

व्यापारियों ने मंडी प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांगफ्रूट एवं सब्जी मंडी के व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए त्रिनेत्र कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि इससे चोरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।इसके अलावा सब्जी मंडी में प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए दोनों तरफ के प्रवेश एवं निकास द्वारों को नियमित रूप से चालू रखने की मांग भी की गई है, जिससे वाहनों एवं आम नागरिकों का आवागमन सुगम हो सके।अनाज मंडी में धान आवक से बढ़ी परेशानीव्यापारियों ने बताया कि अनाज मंडी साइड में अत्यधिक धान आवक के कारण बार-बार मंडी की नीलामी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जो व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। इस ओर मंडी प्रशासन का विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

नीलामी प्रभावित होने से किसानों एवं मंडी में कार्यरत मजदूरों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों ने यह भी बताया कि अनाज मंडी परिसर में पीने के पानी की समस्या, जर्जर सड़कों की स्थिति तथा पर्याप्त शेड की कमी लंबे समय से बनी हुई है।

भीषण गर्मी के इस दौर में किसान, मजदूर और व्यापारी प्रशासन से त्वरित राहत एवं आवश्यक सुविधाओं की अपेक्षा कर रहे हैं।व्यापारी प्रतिनिधियों मुरली फगवानी, संजय तेजवानी, राहुल जायसवाल, अशोक सेठिया, अजय जायसवाल, बंडू भाऊ एवं प्रदीप जायसवाल (गोलू) ने कहा कि मंडी क्षेत्र जिले की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना अत्यंत आवश्यक है।

कैट व्यापारी संगठन से जुड़े विनोद जैन, विक्की डागा, सोहन देवांगन, सुरेन्द्र गुप्ता, संजू शर्मा, बालाजी, सुनील उभरानी एवं प्रतीक अग्रवाल ने मंडी प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि कृषि उपज मंडी जिले की अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।