राजनांदगांव। स्टेशनपारा में निर्माणाधीन अंडरब्रिज के कार्य के दौरान आसपास के रहवासियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस नेता आसिफ अली और वार्ड पार्षद छोटेलाल रामटेके ने रेलवे एवं नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने पटरी किनारे निवासरत लोगों की सुविधा के लिए नाली निर्माण, वार्ड की पुरानी पेयजल पाइपलाइन को पुनः जोड़ने और अंडरब्रिज में पैदल आवागमन के लिए फुटपाथ बनाने की आवश्यकता बताई।
इस दौरान स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन, रेलवे के अनुविभागीय अभियंता राकेश कुमार, अभियंता अंशुमन शुक्ल और नगर निगम के जलप्रदाय विभाग से सोमनाथ उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष कहा कि अंडरब्रिज निर्माण के साथ आसपास के रहवासियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने पटरी के किनारे बसे क्षेत्र में पानी निकासी के लिए नाली बनाने तथा वार्ड में पुरानी पेयजल पाइपलाइन को दोबारा जोड़ने का आग्रह किया। इसके अलावा अंडरब्रिज में पैदल चलने वालों की सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही के लिए अलग फुटपाथ निर्माण की मांग रखी।










