राजनांदगांव। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस संघ (इंटक) जिला राजनांदगांव द्वारा लालू टोला में एक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बालाजी ब्लड सेंटर और आशीर्वाद ब्लड सेंटर के विशेष सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के मन में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और इसके महत्व को समझाना था। सुबह 9 बजे शुरू हुए इस शिविर में युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ इंटक के जिला अध्यक्ष अनुराग भाई राजपूत ने किया। इस दौरान डॉक्टरों और नर्सों की विशेष टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में उपस्थित इंटक जिला राजनांदगांव एवं डोंगरगांव के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और ब्लॉक पदाधिकारियों ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान ही महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी आपात स्थिति में मरीज का जीवन बचा सकता है। यह न सिर्फ दूसरों की जिंदगी संवारता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है।
शिविर में जितने भी नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, उन सभी को संगठन की ओर से स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इंटक पदाधिकारियों ने बताया कि खून की कमी से किसी की जान न जाए, इसके लिए आने वाले समय में भी इस तरह के रक्तदान शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे और ग्रामीण अंचलों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस सेवा कार्य के दौरान राजनांदगांव और डोंगरगांव इंटक के जिला व ब्लॉक स्तरीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव सहित संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता, मेडिकल स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।










