छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से व्यापारियों व आम जनता को परेशानी, कैट ने आरबीआई गवर्नर को पत्र लिखकर की त्वरित व्यवस्था की मांग

3

*छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से व्यापारियों व आम जनता को परेशानी**0 कैट ने आरबीआई गवर्नर को पत्र लिखकर की त्वरित व्यवस्था की मांग*

राजनांदगांव। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ इकाई ने प्रदेशभर में 5, 10 और 20 रुपए के नए नोट एवं सिक्कों की कमी को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा को पत्र प्रेषित कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

कैट के राष्ट्रीय व्यापार प्रकोष्ठ के अमर परवानी, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ चैप्टर कैट परमानंद जैन, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, बी.सी. भरतिया एवं सुनील सिंघी के मार्गदर्शन में यह मांग उठाई गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में स्थित बैंकों में 5, 10 एवं 20 रुपए के नए नोट और सिक्के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण व्यापारियों एवं आम नागरिकों को रोजमर्रा के लेन-देन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कैट ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ में 20 करोड़ रुपए मूल्य के सिक्कों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भारतीय रिजर्व बैंक से की है, ताकि बाजार में उत्पन्न चिल्लर संकट को दूर किया जा सके। पत्र में कहा गया है कि बाजार में चिल्लर की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे दुकानदारों एवं ग्राहकों के बीच असुविधा की स्थिति निर्मित हो रही है। छोटे व्यापारियों, फुटकर दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, परिवहन व्यवसायियों सहित आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

कैट ने आरबीआई से आग्रह किया है कि प्रदेश के सभी जिलों में बैंकों के माध्यम से छोटे नोट एवं सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे व्यापार व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और आम जनता को राहत मिले। जिला राजनांदगांव इकाई के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा, अमित खंडेलवाल, लक्ष्मण लोहिया, अशोक पांडे, सागर चितलंगिया, विकास साहू, सूरज बुद्धदेव, आलोक बिंदल एवं प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि कैट परिवार द्वारा समय-समय पर व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के समक्ष प्रभावी पहल की जाती रही है।

व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह मांग भी उसी कड़ी का हिस्सा है। पत्र की प्रतिलिपि भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक रायपुर तथा इश्यू विभाग नागपुर को भी प्रेषित की गई है। कैट ने उम्मीद जताई है कि रिजर्व बैंक इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा। छोटे नोट और सिक्के आम जनजीवन एवं व्यापारिक गतिविधियों की रीढ़ हैं।कैट परिवार द्वारा समय समय में व्यापारियों के लिए प्रदेश सरकार और भारत सरकार को व्यापारियों की समस्या के लिये प्रयास किया जाता है

इनकी पर्याप्त उपलब्धता से न केवल व्यापार सुगम होता है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलती है। उक्त जानकारी जिला कैट के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।