प्रदेश प्रभारी अहलावत के पांच दिवसीय दौरे से संगठन में उत्साह, घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर तेज हुई तैयारियां

1

राजनांदगांव। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत पांच दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं, उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान वे प्रदेश के चार नगर पंचायत चुनाव क्षेत्रों का दौरा कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
इसी क्रम में 15 मई को शाम 4 बजे नगर पंचायत घुमका में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति तथा आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी।
पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल दो दिन पूर्व ही राजनांदगांव पहुंच चुके हैं और लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने लोकसभा, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर घुमका नगर पंचायत चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की है। पार्टी के सभी पदाधिकारियों से चर्चा कर उन्होंने कहा है कि हम घुमका नगर पंचायत को लेकर एक बेहतर विकल्प भाजपा कोंग्रेस के अलावा देंगे, इसे अब घुमका की जनता को तय करना है कि वह परंपरागत राजनीति को नकार कर काम की राजनीति को विकल्प बनायेंगे, हम मजबूती से इस नगर पंचायत में चुनाव लड़ कर जीत दर्ज करेंगे व क्षेत्र की जनता के लिए बेहतर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इनमें प्रदेश महासचिव वदूद आलम, संजीत विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह भाटिया सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी कल घुमका पहुंचेंगे। बैठक एवं स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों में पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रमुख रूप से लोकसभा संगठन मंत्री कमलेश स्वर्णकार, सर्वजीत भाटिया, प्रभांशु खोपड़ागढ़, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोनी, चित्रा गुरुदेव, राजीव यादव, सूरज डोंगरे एवं गोपेश्वर वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि नगर पंचायत चुनाव को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है और प्रदेश प्रभारी के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। घुमका में होने वाली बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।