राजनांदगांव। शहर के शिक्षा क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में रुद्राक्षम् इंटरनेशनल स्कूल ऑफ एजुकेशन का आज भव्य उद्घाटन सांसद संतोष पांडे के करकमलों से संपन्न हुआ। यह विद्यालय विशेष रूप से कम शुल्क में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, ताकि क्षेत्र के हर वर्ग के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा सुलभ हो सके।
उद्घाटन समारोह में सांसद संतोष पांडे ने कहा, “राजनांदगाँव में ‘रुद्राक्षम्’ एक ऐसा नाम है जिस पर पूरा शहर भरोसा करता है। यह स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का नया सोपान है। यहाँ से निकलने वाले विद्यार्थी क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही समाजसेवी रेखा संतोष पांडे ने कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह जीवन और करियर को संवारने का माध्यम भी बने। उन्होंने रुद्राक्षम् में छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ एक संतुलित जीवनशैली का प्रशिक्षण मिलने पर जोर दिया।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा खेल, शिक्षा, अनुशासन, स्वास्थ्य और नशे से दूरी के पांच प्रमुख क्षेत्रों में सतत कार्य किया जा रहा है। विद्यालय के माध्यम से अब बच्चों को कम शुल्क में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा कि इस स्कूल में अध्ययन करने वाले छात्र एक जीवंत और मिलनसार शैक्षणिक समुदाय का हिस्सा बनेंगे, जो उनके व्यक्तित्व विकास में मदद करेगा। वहीं वरिष्ठ पार्षद सुनील कन्हैया साहू ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए आदर्श स्थल बताया।
विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल, म्यूजिक, डांस, शतरंज, आर्ट्स और रोबोटिक्स जैसी सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
पटरीपार क्षेत्र में स्थापित यह विद्यालय नई पीढ़ी के लिए शिक्षा का एक नया आयाम प्रस्तुत करता है। उद्घाटन समारोह में आशुतोष सिंग, देवेश वैष्णव, गेमू कुंजाम, प्राचार्या सरिता चौबे, शिक्षिका जान्हवी साहू, पूजा वासनिक, नम्रता ध्रुव, डॉली साहू सहित छात्रों के पालक और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम हर्षोल्लास और शिक्षा के नए युग की शुरुआत के संदेश के साथ संपन्न हुआ।










