राजनांदगांव। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय ने जन कल्याण सामाजिक संस्थान और समता जन कल्याण समिति के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक और अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ना, उन्हें सामाजिक सरोकारों से परिचित कराना और नई शिक्षा नीति के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना है।
इस समझौते के अंतर्गत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, कार्यशालाएँ, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्राचार्य ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में जन कल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह और समता जन कल्याण समिति के अध्यक्ष शिशुपाल खोब्रागढ़े मुख्य रूप से उपस्थित रहे। महिला महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के अतिथि व्याख्याता सुरेंद्र कुमार पटले और डॉ. उषा सोनवानी ने भी कार्यक्रम में विशेष भाग लिया।
महाविद्यालय प्रशासन और दोनों संस्थाओं ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक दूरगामी कदम बताते हुए भविष्य में और अधिक सहयोगात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।










