कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु नवोदय विद्यालय में आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

0

सुकमा। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पेंटा (सुकमा-1) में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई है। विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 03 अप्रैल 2026 से प्रोविजनल (अस्थायी) प्रवेश प्रमाण पत्रों का वितरण आरंभ हो रहा है।
चयनित विद्यार्थियों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी तथा खंड शिक्षा अधिकारी को सादर सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
प्राचार्य का अभिभावकों से आग्रह है कि वे अपने पाल्यों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें। चयन प्रवेश पत्र विद्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं तथा दिनांक 06 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा किए जाएंगे।
प्रवेश हेतु आवश्यक दस्तावेजों में विद्यार्थी का आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र (अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों हेतु केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र आवश्यक), विकलांगता प्रमाण पत्र (केवल 40) से अधिक विकलांगता मान्य), कक्षा 3, 4 एवं 5 का अध्ययन प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र एवं माता-पिता का आधार कार्ड शामिल है।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त पूर्ण आवेदनों/दस्तावेजों पर ही विचार किया जाएगा। अपूर्ण दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे । अतः सभी अभिभावकों से निवेदन है कि वे समयबद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, जिससे विद्यार्थियों को प्रवेश में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्यालय परिवार ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया है।