सुकमा। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय पेंटा में 30 जनवरी 2026 को संजय कुमार मंडल ने विधिवत रूप से प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने विद्यालय के श्याम कुमार रामावत, पीजीटी गणित से पदभार लिया। उनके आगमन से विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और शैक्षणिक उत्कृष्टता को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
श्री मंडल ने 12 वर्षों तक जवाहर नवोदय विद्यालय दंतेवाड़ा जैसे अति दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सेवाएं दीं। इसके बाद 11 वर्षों तक जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में व्याख्याता के रूप में कार्य किया। स्वैच्छिक स्थानांतरण के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय उज्जैन में पदस्थ हुए, जहां लगभग तीन माह की सेवा के बाद उप प्राचार्य पद पर पदोन्नत होकर पुनः डोंगरगढ़ में पदस्थापित हुए। उन्होंने दो वर्ष तक नारायणपुर जैसे अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2024-26 तक डोंगरगढ़ में सेवाएं देने के बाद अब वे पेंटा, सुकमा-1 में पदस्थ हुए हैं।
विद्यालय में पदभार ग्रहण करने के 30 दिनों के भीतर ही उनके मार्गदर्शन में अकादमिक एवं संरचनात्मक स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। विद्यार्थियों और पालकों में भी उत्साह का वातावरण है।
श्री मंडल ने अपने सेवाकाल में अनेक उपलब्धियां अर्जित की हैं। वर्ष 2004-07 में सामाजिक विज्ञान में उत्कृष्ट परिणाम हेतु नवोदय विद्यालय समिति द्वारा गुरु श्रेष्ठ सम्मान से सम्मानित किए गए। इसके अलावा वर्ष 2007 में सांसद बलिराम कश्यप, 2009 में उच्च शिक्षा मंत्री हेमचंद्र यादव, 2010 में मंत्री केदार कश्यप द्वारा एनएसएस में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुए। वर्ष 2017 में जिलाधीश मुकेश बंसल द्वारा जेएनवीएसटी में सर्वोत्तम पंजीकरण, 2020 में विधायक इंद्रशाह मंडावी, 2021 में विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू तथा 2024 में एसडीएम ओरछा द्वारा भी सम्मान प्राप्त किया।
इसी क्रम में सुकमा के जिलाधीश अमित कुमार ने विद्यालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विद्यालय परिवार के साथ हरसंभव सहयोग करेगा। विद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय समुदाय का विश्वास है कि संजय कुमार मंडल के नेतृत्व में शिक्षा, अनुशासन और समग्र विकास के नए मानदंड स्थापित होंगे तथा विद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।










