भाजपा पार्षद दल ने नगरीय प्रशासन मंत्री और महापौर का पुतला फूंका, सड़क और पेयजल समस्या को लेकर विरोध
0 नेता प्रतिपक्ष ने कहा – अपनी ही सरकार की साख पर बट्टा लगा रही महापौर, नैतिकता का बोध नहीं.. इस्तीफा दें
राजनांदगांव।
भाजपा पार्षद दल ने शनिवार को नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया और महापौर का पुतला दहन कर सड़क और पानी की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। शहर के दुर्गा चौक में शाम 4 बजे जुटे पार्षद दल के प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इस विरोध प्रदर्शन का कारण खराब सड़कों की मरम्मत-डामरीकरण न किए जाने और पेयजल आपूर्ति की समस्या है। प्रदर्शन के दौरान मंत्री और महापौर सहित निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
भाजपा पार्षद दल ने आरोप लगाते हुए कहा कि – 18 स्थानों पर डामरीकरण के लिए 7 करोड़ और पैचवर्क के लिए 3 करोड़ की स्वीकृति के कार्यों का मंत्री के हाथों भूमिपूजन तक करा दिया गया। अब जनता पूछ रही है कि यह कार्य हो कहां रहे हैं और महापौर-आयुक्त के पास इसका कोई जवाब नहीं है। हमने जल्द कार्य शुरु किए जाने की मांग रखी थी और मोहलत भी दी थी। मगर काम शुरु नहीं हुए। इसी तरह शहर में कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति की समस्या भी बढ़ गई है। अमृत मिशन का कोई लाभ नागरिकों को नहीं मिल पा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कहा कि – आखिर क्यूं स्वीकृत राशि के कार्य शुरु नहीं हो रहे हैं। क्या उपलब्ध कराए गए मद से छेड़खानी की गई है या कमीशनबाजी के चलते करोड़ों के काम प्रभावित हो रहे हैं। दोनों ही स्थिति में इसकी जिम्मेदार महापौर और आयुक्त हैं। यह शहरवासियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि – महापौर श्रीमती हेमा देशमुख अपनी ही राज्य सरकार की साख में बट्टा लगा रहीं हैं। अलग अलग स्वीकृति के तहत सरकार ने ही 10 करोड़ की राशि निगम को दी है लेकिन इससे ढेला भी नहीं खर्चा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि – निगम अपने बूते तो मरम्मत, डामरीकरण या फिर मूलभूत सुविधाओं में राहत के कार्य कर नहीं पा रहा है। बजट में की गई योजनाओं की घोषणा भी महज कागजी हैं। लेकिन राज्य सरकार के फंड पर भी निगम में फाईलें अटकाए रखना, 9-10 महिनों में भी कार्य शुरु न किया जाने पर भी महापौर को अपनी नैतिकता का बोध नहीं होता। उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा पार्षद दल के नेताओं ने कहा कि – इस क्षेत्र के वार्डों में सड़क और पानी की समस्या गहरा गई है। ढीमर पारा, ठेठवार पारा, दिग्विजय कॉलेज रोड, किल्ला पारा, दुर्गा चौक, रामायण प्रचारक भवन के पीछे वाली गली में बहुत कम पानी की आपूर्ति हो रही है। यह समस्या बीते लंबे समय से बनी हुई है और शिकायतों का भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। अलबत्ता निगम और अमृत मिशन के अधिकारी एक-दूसरे पर इसकी जिम्मेदारी थोप रहे हैं। परेशानी बढ़ रही है और निगम इसका हल निकालने में नाकामयाब है। पार्षदों ने कहा कि – निकाय क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन को वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, प्रदेव प्रवक्ता नीलू शर्मा, जिला महामंत्री राजेंद्र गोलछा, श्रीमती रेखा मेश्राम, पार्षद मणीभास्कर गुप्ता, नरेश बैद, जैनम बैद ने भी संबोधित किया,संबोधन में सभी वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि भाजपा पार्षद दल द्वारा आम जनता के हित में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने लड़ी जा रही लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता शामिल होगा।
इस प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद देवशरण सेन, हर्ष रामटेके, पार्षद शरद सिन्हा, अरुण देवांगन, रानू जैन, कमलेश बंधे, अरुण साहू, अनिल फुटान, अजय श्रीवास्तव, करुणा जितेंद्र राजपूत, रेखा मेश्राम, माधुरी जैन, पारुल जैन, जमुना साहू, मीना यादव, संध्या वर्मा, ज्योति धीवर, भावेश बैद, आकाश चोपड़ा, अशोकादित्य श्रीवास्तव, मनीष गोलछा, उज्जवल कसेर, जैनम बैद, रितेश देवांगन, पवन निर्मलकर, राजेश बिसने, भीष्म देवांगन, भीषम देवांगन, राजू वर्मा, राघव ठक्कर, बंशीलाल साहू, गणेश ताम्रकार, आशीष ठाकुर, विक्की ठाकुर एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।
