राजनांदगांव। जिले में पशुधन विकास विभाग की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। एक तरफ शासन पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि विभाग खुद डॉक्टर और स्टाफ की भारी कमी से जूझ रहा है। नए उपसंचालक के पदभार ग्रहण करते ही अव्यवस्था और बढ़ गई है।
कलेक्टर दर के चालकों को बिना कारण हटाया, योजनाएं ठप
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपसंचालक डॉ. अरविंद कुमार त्रिपाठी के द्वारा ज्वाइन करते ही कलेक्टर दर पर वर्षों से कार्यरत वाहन चालक अविनाश और कार्तिक को बिना किसी गलती और नोटिस के सेवा से हटा दिया गया। वाहन चालक हटने से विभाग का सबसे महत्वपूर्ण कार्य लिम्डि नाइट्रोजन का वितरण जो कृत्रिम गर्भाधान के लिए गांव-गांव भेजा जाता है, पूरी तरह से ठप हो गया है। साथ ही शासन की पोल्ट्री वितरण योजना, बकरा-बकरी वितरण जैसी योजनाओं का क्रियान्वयन भी रुक गया है।
जिला पशु चिकित्सालय राजनांदगांव-एक डॉक्टर के भरोसे पूरा जिला
जिला पशु चिकित्सालय राजनांदगांव में स्वीकृत तीन चिकित्सकों के पदों में से वर्तमान में केवल दो डॉक्टर पदस्थ हैं। डॉ. अर्चना मिश्रा को प्रतिनियुक्ति पर दुर्ग कृषि विभाग में भेज दिया गया है। अब बचे दो डॉक्टरों में से डॉ. अनुप्रिया चंद्राकर पिछले दो माह से मेडिकल अवकाश पर हैं। परिणामस्वरूप पूरे जिला पशु चिकित्सालय के अलावा गोशाला, आकस्मिक दुर्घटना में घायल पशुओं की जिम्मेदारी अकेले डॉ. रजनीश अग्रवाल के कंधों पर है। वहीं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के तीनों पद रिक्त हैं। एक पद पर कार्यरत बलराज चौहान को भी दो-दो जगह का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। इस अव्यवस्था का खामियाजा पशुपालकों को भुगतना पड़ रहा है।
ताजा मामला-पिंजरा पोल गौशाला में गाय ने तोड़ा दम
अभी हाल ही में पिंजरा पोल गौशाला में एक गाय प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी, जिसे सामान्य प्रसव न होने के कारण सिजेरियन ऑपरेशन की आवश्यकता थी। जिला पशु चिकित्सालय में सिजेरियन करने वाला एक भी सर्जन उपलब्ध नहीं था। बताया जाता है कि जो डॉक्टर पहले सभी प्रकार के ऑपरेशन करते थे, उनका तबादला मोहला-मानपुर कर दिया गया है। सर्जन न होने के कारण गाय को ऑपरेशन नहीं मिल पाया। अब पशुपालकों को छोटे से ऑपरेशन के लिए भी अपने पशुओं को दुर्ग ले जाना पड़ रहा है, और कई बड़े पशु समय पर इलाज न मिलने से दम तोड़ रहे हैं।
विकासखंड छुरिया और डोंगरगढ़ की भी यही कहानी
छुरिया विकासखंड : यहां पशु चिकित्सकों के दो पद हैं। एक पर डॉ. उपासना चंद्राकर कार्यरत हैं, जबकि दूसरी डॉ. पूजा जोले पिछले चार साल से पशु प्रजनन प्रक्षेत्र अंजोरा, दुर्ग में अटैचमेंट पर हैं। जबकि शासन ने सभी प्रकार के अटैचमेंट को समाप्त करने का आदेश दिया है। पूरा विकासखंड एक डॉक्टर के भरोसे है, वहीं पशु चिकित्सालय गेंदाटोला पूरी तरह से खाली पड़ा है। इस मुद्दे को जनप्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार में भी उठाया थाए पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डोंगरगढ़ विकासखंड : यहां भी तीन पदों में से दो डॉक्टर थे। डॉ. शैलेंद्र खरे का प्रमोशन होने पर उन्हें राज्य पशु चिकित्सा परिषद रायपुर के लिए रिलीव कर दिया गया। वहीं डॉ. फणेश्वर साहू वर्ष 2017 से ही उपसंचालक कार्यालय, राजनांदगांव में अटैच हैं। बताया जा रहा है कि उनके लिए कोई नियम-कानून काम नहीं करता। डॉ. खरे के जाने के बाद डॉ. साहू को डोंगरगढ़ का प्रभार लेने कहा गया, पर उन्होंने साफ मना कर दिया। अब इसका प्रभार भी नियम विरुद्ध जाकर सहायक पशु क्षेत्र अधिकारी को दे दिया गया है। वर्तमान में डोंगरगढ़ पशु चिकित्सालय पूरी तरह से चिकित्सक विहीन हो गया है। इस पूरे मामले को लेकर गौ-सेवकों और पशुपालकों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जल्द ही विभागीय मंत्री से इसकी शिकायत करने की बात कही है।










