राजनांदगांव। ग्राम सोमनी में व्यावसायिक परिसर की दुकानों को तोड़कर अवैध निर्माण कराने व्यापारी अपनी जिद में अड़ गए हैं। ग्राम पंचायत से नोटिस जारी होने के बाद भी निर्माण पर रोक नहीं लगी है, सरपंच नीलिमा साहू को दुकानदारों ने धमकी दे डाली। पूरे मामले की शिकायत सरपंच ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित एसडीएम से की है।
बता दें कि बीते 15 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत ने शासकीय स्कूल की बाउंड्रीवाल से लगकर करीब 24 दुकानों का निर्माण कराकर आवंटन किया है। वर्तमान में इनमें से कई दुकानों की खरीदी बिक्री हो चुकी है, जिसके बाद से व्यापारी इस दुकानों में बगैर अनुमति तोड़फोड़ कर अवैध तरीके से निर्माण कराने में लग गए हैं। अभी हाल में चार दुकानों का निर्माण हो रहा है।इस अवैध निर्माण की शिकायत पर ग्राम पंचायत द्वारा व्यापारी राजेश गुप्ता और जितेंद्र वैष्णव को नोटिस भेजा गया, यही नहीं सरपंच नीलिमा साहू ने व्यापारियों को मौखिक रूप से निर्माण कार्य रोकने की बात कही। इसके बाद भी व्यापारियों ने काम बंद नहीं किया, बल्कि सरपंच को ही व्यापारियों ने काम नहीं रोकने की धमकी दे डाली। निर्माण कार्य बंद नहीं करने और धमकी देने के मामले में सरपंच नीलिमा साहू ने व्यापारी जितेन्द्र वैष्णव और राजेश गुप्ता के खिलाफ कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
नोटिस के बाद करा दी ढलाई
व्यावसायिक परिसर की चार दुकानों का निर्माण बिना पंचायत की अनुमति से हो रहा है। दुकानों को तोड़कर अवैध निर्माण कराने वाले व्यवसायी पंचायत से नोटिस जारी कर तत्काल काम रोकने के निर्देश दिए गए, लेकिन व्यापारियों ने मनमानी कर दुकानों की छत की ढलाई करा दी है।
सरपंच ने की कार्रवाई की मांग
सोमनी सरपंच नीलिमा साहू ने कहा कि अवैध निर्माण की शिकायत पर व्यवसायियों को नोटिस भेजा गया, जिसके बाद भी व्यवसायी ढलाई का काम करा लिए है। सरपंच ने बताया कि काम पर रोक लगाने की बात कहने पर व्यवसायी जितेंद्र वैष्णव ने जो करना है कर लो, देख लूंगा जैसे शब्द बोलकर धमकी दी है। व्यवसायी जितेंद्र वैष्णव और राजेश गुप्ता के खिलाफ मेरे द्वारा शिकायत की गई है। पंचायत अधिनियम के तहत भी निष्पक्ष जांचकर कार्रवाई की मांग की है।










