राजनांदगांव। कांग्रेस पार्टी द्वारा राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत एआईसीसी एवं पीसीसी के दिशा-निर्देशानुसार राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के टेड़ेसरा में बाजार के दिन जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल के माध्यम से आम नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करते हुए मतदाता सूची में अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम की स्थिति जांचने का संदेश दिया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव की उपस्थिति में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रोहित चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित जन चौपाल में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी रमेश डाकलिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री धनेश पाटीला, वरिष्ठ कांग्रेसी कुतबुद्दीन सोलंकी, प्रदेश महामंत्री थानेश्वर पाटीला, पूर्व जिला अध्यक्ष पदम कोठारी, भागवत साहू, पूर्व शहर अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, कमलजीत पिंटू, राहुल तिवारी, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, हेमू सोनी, सूरज शर्मा, फरमान अली, मेघराज चंद्राकर, संजय देशमुख, सुनील कोठारी, सतीश साहू एवं धन्ना साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का मताधिकार है और प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली शर्त है। मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम हटना या बिना समुचित जानकारी के स्थानांतरित होना उसके मतदान के अधिकार को प्रभावित करता है। कांग्रेस पार्टी इसी चिंता को लेकर देशभर में श्वोट बचाओदृदेश बचाओश् अभियान चला रही है।
वक्ताओं ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने और नामों के स्थानांतरण को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक मतदाता को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवारए अड़ोसी-पड़ोसी और रिश्तेदारों के नाम भी मतदाता सूची में जांचने चाहिए। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया जाए। वहीं, किसी नाम को गलत तरीके से हटाए जाने अथवा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज होने की जानकारी मिले तो संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नियमानुसार शिकायत दर्ज कराई जाए।
वक्ताओं ने आम नागरिकों से अपील की कि वे केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार अपने मताधिकार को लेकर सजग रहें। अपना वोट सुरक्षित रखें, दूसरों के वोट की भी रक्षा करें और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर आवाज उठाएं।










