जनता युवा कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में किया जोरदार प्रदर्शन, भ्रष्टाचार एवं जनहित के छह प्रमुख मुद्दों को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, शमसुल आलम बोले- सरकारी धन की बंदरबांट और जनता की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी

0

राजनांदगांव।जनता युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के नेतृत्व में आज 23 नवंबर को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के पश्चात जिला कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सरकारी धन के उपयोग में संभावित अनियमितताओं, नगर निगम की कार्यप्रणाली, पेयजल व्यवस्था, ओवरब्रिज एवं आबकारी विभाग से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

शमसुल आलम ने कहा कि राजनांदगांव-खैरागढ़ एवं राजनांदगांव-मोहला-मानपुर मार्ग के निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की आशंका सामने आ रही है। दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण में गुणवत्ता विहीन कार्य, घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग, निर्धारित तकनीकी मानकों एवं सड़क की निर्धारित चौड़ाई का पालन नहीं किए जाने तथा नाली निर्माण में लापरवाही जैसे विषयों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा देना है, लेकिन यदि निर्माण में ही गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है तो सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद जनता को इसका लाभ कैसे मिलेगा?

युवा कांग्रेस ने मांग की है कि दोनों सड़कों का स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों की टीम से निरीक्षण कराया जाए, निर्माण में उपयोग की गई सामग्री एवं गुणवत्ता की जांच हो तथा निर्माण कार्यों से संबंधित सभी दस्तावेजों की पड़ताल कराई जाए। जांच में भ्रष्टाचार या अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित ठेकेदारों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आगे कहा कि राजनांदगांव बाईपास ब्रिज के ऊपर की सड़क भी अत्यंत जर्जर अवस्था में है। जगह-जगह गड्ढे एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा सड़क की उचित मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इस मामले में तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की गई है।

शमसुल आलम ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभिन्न वार्डों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृत टेंडर, उनके वास्तविक उपयोग, भुगतान एवं संचालन की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टेंडर के अनुसार टैंकरों का उपयोग किया जा रहा है या नहीं और सरकारी धन का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके साथ ही नगर निगम में पहले से पूर्ण हो चुके कार्यों के लिए दोबारा टेंडर जारी किए जाने की शिकायतों को भी गंभीर बताते हुए ऐसे सभी कार्यों की सूची तैयार कर जांच कराने तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

उन्होंने खैरागढ़ जाने वाले ओवरब्रिज को बंद किए जाने पर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि इसके कारण लगभग 13 वार्डों की करीब 70 हजार आबादी को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम नागरिकों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस के आवागमन में भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। प्रशासन को ओवरब्रिज बंद करने के कारणों की समीक्षा कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए इसे जल्द से जल्द चालू कराने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।

शमसुल आलम ने जिले में नियम विरुद्ध संचालित बारों का मुद्दा उठाते हुए आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिले में बार संचालन के लिए निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों का पालन अनिवार्य है, लेकिन शिकायतों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। युवा कांग्रेस ने जिले के सभी बारों का नियमानुसार निरीक्षण कराने, लाइसेंस में दर्शाई गई सुविधाओं एवं वास्तविक व्यवस्थाओं की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बारों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

शमसुल आलम ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की अपेक्षा है। ज्ञापन के माध्यम से सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता की पड़ताल, नगर निगम के टेंडर एवं भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच, ओवरब्रिज की समस्या का समाधान तथा आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही जांच प्रतिवेदन एवं की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता युवा कांग्रेस आम जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि सड़कों की गुणवत्ता खराब रहती है, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती हैं और आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है, तो इसकी जवाबदेही संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की है।

जनता के पैसे का सही उपयोग होना चाहिए और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जांच की जानी चाहिए डिप्टी कलेक्टर ने अस्वस्थ किया है कि जल्द ही जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।

इस अवसर पर जनता युवा कांग्रेस कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के साथ जिलाध्यक्ष नमन पटेल , जिलाउपाध्यक्ष ऋषभ रामटेके,जनता कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा शहर अध्यक्ष सनिज खान , मजदूर संघ अध्यक्ष संदीप सूर्यवंशी ,मुकेश साहू ,अनवर खान,ईश्वर देवांगन ,अमित ,आदि निषाद , टिकेश्वर साहू आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।