राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में बन रहे मजबूत जनमत ने भाजपा खेमे की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी फूलमती वर्मा को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन और कांग्रेस के पक्ष में बन रहे सकारात्मक माहौल से भाजपा नेता बौखलाहट में निराधार आरोपों का सहारा ले रहे हैं। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के अध्यक्ष विपिन यादव ने कही।
जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान द्वारा जारी बयान में जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी फूलमती वर्मा पर लगाया जा रहा कथित एलईडी परियोजना संबंधी आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यों से परे है, जिस परियोजना का उल्लेख भाजपा नेता कर रहे हैं, वह अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण द्वारा महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वीकृत एक विशेष परियोजना थी, जिसका तत्कालीन ग्राम पंचायत अथवा सरपंच फूलमती वर्मा से कोई संबंध नहीं था। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को सौंपी गई थी। भाजपा नेताओं को स्वयं इस योजना की प्रकृति, उद्देश्य और क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, फिर भी जनता को भ्रमित करने के लिए मंचों से बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। घुमका की जागरूक जनता भाजपा के इस दुष्प्रचार को भली-भांति समझ रही है।
विपिन यादव ने कहा कि नगर पंचायत गठन के बाद से भाजपा को सत्ता और सरकार दोनों का लाभ मिला, लेकिन इसके बावजूद घुमका में ऐसा कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ, जिसे भाजपा जनता के सामने अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर सके। विकास के नाम पर भाजपा पूरी तरह शून्य साबित हुई है। अपनी विफलताओं और जनअपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाने की सच्चाई छिपाने के लिए भाजपा नेता झूठे आरोपों और दुष्प्रचार की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जारी किया गया चुनावी घोषणा-पत्र भी हमेशा की तरह झूठे वादों और खोखले आश्वासनों का पुलिंदा है। भाजपा चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती है और चुनाव समाप्त होते ही उन्हें भुला देती है। जनता भाजपा की कथनी और करनी का अंतर अच्छी तरह समझ चुकी है। यही कारण है कि आज घुमका में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक वातावरण दिखाई दे रहा है और भाजपा नेताओं की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।
विपिन यादव ने कहा कि घुमका की जनता अब दुष्प्रचार, भ्रम और झूठे आरोपों की राजनीति से प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता विकास, जवाबदेही और जनहित के मुद्दों पर मतदान करेगी। घुमका से निकलने वाला जनादेश केवल नगर पंचायत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की राजनीति को भी एक नया संदेश देगा कि जनता अब काम करने वालों के साथ खड़ी है, भ्रम फैलाने वालों के साथ नहीं।
विपिन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी और अध्यक्ष पद की प्रत्याशी फूलमती वर्मा भारी मतों से विजयी होंगी। उन्होंने कहा कि घुमका की जनता भाजपा के दुष्प्रचार, झूठे आरोपों और खोखले वादों का लोकतांत्रिक जवाब देने के लिए तैयार है। यह जनादेश केवल नगर पंचायत का परिणाम नहीं होगा, बल्कि प्रदेश की राजनीति को यह संदेश भी देगा कि जनता अब जनविरोधी नीतियों, विफलताओं और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है। घुमका से परिवर्तन का जो बिगुल बजेगा, उसकी गूंज आने वाले समय में पूरे प्रदेश में सुनाई देगी।










