ऊर्जा खपत कम कर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाएं – कैट

7

ऊर्जा खपत कम कर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाएं : कैट

राजनांदगांव- भारत के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन Confederation of All India Traders (CAIT) (कैट) एवं राष्ट्रीय स्वदेशी व्यापार संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. भारतीय तथा अमर परवानी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कैट एवं राष्ट्रीय व्यापार प्रकोष्ठ के सदस्य) के मार्गदर्शन में संस्कारधानी कैट,

राजनांदगांव ने देश के व्यापारी वर्ग एवं आम नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।उन्होंने कहा कि बढ़ती ऊर्जा मांग के इस दौर में केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऊर्जा की अनावश्यक खपत को कम करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि व्यापारी, उद्योग एवं आम नागरिक ऊर्जा बचत के सरल उपाय अपनाएं तो देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है।कैट ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों, उद्योगों एवं नागरिकों से एलईडी बल्बों का उपयोग करने, अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखने, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग का आग्रह किया।

संगठन ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर सोलर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर न केवल बिजली खर्च कम कर सकता है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे सकता है।बी. भारतीय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। ऊर्जा की बचत से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में राजनांदगांव ने राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। जिले में स्थापित देश की प्रमुख सौर एवं बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, जो यह दर्शाते हैं कि राजनांदगांव स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय है और ऊर्जा संरक्षण के प्रति समाज की जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाती है।संस्कारधानी कैट ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से ऊर्जा उत्पादन एवं सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए अधिक प्रोत्साहन एवं जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

इस अभियान का समर्थन करते हुए कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरड़िया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा, सागर चितलंगिया, अशोक पांडे, सूरज बुद्धदेव, राजेश जैन, प्रकाश कांकरिया, लक्ष्मण लोहिया, राहुल जायसवाल, प्रतीक अग्रवाल एवं राजेंद्र जैन ने व्यापारियों एवं नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।अंत में कैट ने सभी व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संकल्प लेने की अपील की कि वे ऊर्जा बचत को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।