राजनांदगांव। तीन वर्षों से अधूरा पड़ा अंडर ब्रिज पटरीपारवासियों के लिए मुसीबत बन चुका है। इस समस्या पर पुनः रेल्वे प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने हेतु आज मुख्य स्टेशन प्रबंधक को मंडल अभियंता के नाम से वरिष्ठ पार्षद हफीज खान एवं कांग्रेस नेता आसिफ अली के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया।
वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने बताया कि विगत 3 वर्षों से अंडर ब्रिज क्रमांक 459 गौरी नगर और 460 स्टेशन पारा में निर्माण कार्य अधूरा है, जिसके कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य अधूरा होने से उक्त स्थल पर कई बार गंभीर दुर्घटना भी घट चुकी है।
कांग्रेस नेता आसिफ अली ने कहा कि पूर्व में भी रेल्वे प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए अवगत कराया जाता रहा है, किन्तु आश्वासन के बाद भी रेल्वे का उदासीन रवैया अब भी जारी है। उन्होंने रेल्वे प्रशासन को चेतवानी दी है यदि 7 दिवस के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो पटरीपार के रहवासी रेल्वे स्टेशन में उग्र प्रदर्शन और रेल रोको जैसी कार्यवाही भी करेंगे, जिसकी समस्त जवाबदारी रेल्वे प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने में मुख्य रूप से वार्ड पार्षद छोटेलाल रामटेके, पूर्व पार्षद समद खान, अब्बास खान, मंडल अध्यक्ष कृष्णा मेश्राम, चंचल देवांगन, विजय यादव, जाकिर खान, ताहिर खान, गोपाल सिन्हा, शेख अनीश, पीटर मारियो, हरीश यादव, रॉबिन जान, जितेंद्र साहू उपस्थित थे।










