राजनांदगांव। कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ राज्य के लिए आज का दिन सदैव अविस्मरणीय रहेगा। आज छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ जिला मुख्यालय बालोद स्थित सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हजारों किसानों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कार्यक्रम में राज्य के लगभग 24 लाख 72 हजार किसानों को योजना के तहत 13 हजार 320 करोड़ रूपए की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से समारोह में उपस्थित रहे। साथ ही कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, सांसद कांकेर मोहन मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज वह शुभ दिन है, जब यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए कृषक उन्नति योजना अंतर्गत किसान भाईयों के बैंक खातों में 13 हजार 320 करोड़ रूपए की आदान सहायता राशि का अंतरण किया जा रहा है। आज के कार्यक्रम में 24 लाख 75 हजार से अधिक किसानों के खातों में राशि भेजी जा रही है, इनमें से 24 लाख 72 हजार से अधिक वे किसान हैं, जिन्होंने इस साल धान बेचा था। इन्हें 13 हजार 289 करोड़ रूपए की अंतर की राशि दी जा रही है। इसी तरह 2 हजार 829 धान बीज उत्पादक किसानों को भी बीज निगम के माध्यम से अंतर की राशि, 31 करोड़ रूपए से अधिक का भुगतान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ने पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने किसान भाईयों से किए गए वादे के अनुरूप अटल जी के जन्म दिवस, सुशासन दिवस पर 2 साल के बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रूपए का अंतरण भी किसान भाईयों के खातों में कर दिया है। 13 लाख से ज्यादा किसानों को बोनस का लाभ मिला है। मोदी जी ने गारंटी दी थी कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनने पर गरीबों के लिए 18 लाख आवासों का निर्माण किया जाएगा। सरकार बनने के दूसरे ही दिन हमने कैबिनेट की बैठक में इस बारे में निर्णय ले लिया है, अप्रैल माह से तीव्र गति से मकान बनने शुरू होंगे। मोदी जी ने महिलाओं को महतारी वंदन योजना शुरू करने की गारंटी दी थी। यह योजना भी शुरू हो चुकी है। परसों 10 मार्च को माननीय प्रधानमंत्री जी के करकमलों से राज्य की 70 लाख माताओं और बहनों के बैंक खातों में 655 करोड़ रुपए की राशि अंतरित कर दी गई है। श्री साय ने कहा की मोदी जी ने वनवासी भाइयों से वादा किया था कि तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4000 रूपए मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रुपए कर देंगे। आज से ही इस योजना की भी शुरूआत हो जाएगी। साथ ही चरण पादुका योजना को पुनः शुरू किया जाएगा ताकि तेंदूपत्ता एकत्र करने जाने वाले भाईयों, माता-बहनों के पैर में कांटा न चुभे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद छत्तीसगढ़ में श्रीरामलला दर्शन योजना की शुरूआत कर दी गई है, जिससे छत्तीसगढ़ के लोग प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या धाम जा सकें। उन्होंने कहा की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी जी ने जो दायित्व सौंपे हैं, उन्हें हम हर हाल में पूरा करेंगे।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश चहुमुखी विकास कर रहा है। मोदी जी हर विभाग के लिए जनता के हित में बहुत सारे पैसे दे रहे हैं, इन पैसों को खर्च करने में हमारे पसीने छूट जाते हैं। छत्तीसगढ़ का विकास अब तीव्र गति से आगे बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने अच्छे-अच्छे गणित फैल कर दिए। छत्तीसगढ़ में सरकार बने तीन महीने हुए है, इन तीन महीनों में अनेक जनकल्याणकारी निर्णय लेकर क्रियान्वित किए गए है, इससे मानो छत्तीसगढ़ में धन की बरसात हो रही है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों से 3100 रूपए क्विंटल की दर से धान खरीदी की गारंटी दी थी। इस गारंटी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना की आज बालोद से प्रदेशव्यापी शुरूआत हुई। इस योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों में करने के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों सहित विकासखण्ड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। किसान हितैषी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा राज्य में किसानों से अपने वायदे के मुताबिक प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी करने के साथ ही दो साल के धान के बकाया बोनस राशि 3 हजार 716 करोड़ का भुगतान भी किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में खेती-किसानी और किसानों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कृषि के क्षेत्र में सम्पन्नता से ही छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और विकसित राज्य बनाने का सपना साकार होगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीेसगढ़ सरकार द्वारा कृषि के बजट में 33 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
कृषक उन्नति योजना के माध्यम से राज्य के किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान में प्रति क्विंटल 917 रूपए के मान से अंतर की राशि दी जा रही है। किसानों को धान के प्रति क्विंटल के मान से भुगतान की जा रही, यह राशि देश में सर्वाधिक है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस साल के बजट में 10 हजार करोड़ रूपए और पिछले साल के अनुपूरक बजट में 3 हजार करोड़ रूपए, इस प्रकार कुल 13 हजार करोड़ रूपए की व्यवस्था की गई है।
