राजनांदगांव। जिले में महतारी वंदन योजना के लिए महिलाओं ने आवेदन भरने में विशेष रूझान दिखाया है। अब तक जिले में कुल 2 लाख 58 हजार 46 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनकी ऑनलाईन एण्ट्री की गई है तथा पात्र हितग्राहियों की अनंतिम सूची जारी की गई है। जिसके लिए 25 फरवरी 2024 तक ऑनलाईन या आंगनबाड़ी केन्द्र जाकर ऑफलाईन लिखित में दावा आपत्ति के लिए आवेदन किया जा सकेगा। अनंतिम सूची में आवेदिका की पात्रता के संबंध में दावा आपत्ति पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जाएगी। इसके अतिरिक्त पंचायत सचिव, वार्ड प्रभारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं परियोजना कार्यालय में भी लिखित रूप से भी आपत्ति, आवश्यक प्रमाण के साथ की जा सकेगी। जिसका निराकरण समिति द्वारा 26 से 29 फरवरी तक किया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में युद्ध स्तर पर महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन के लिए आवेदन पत्र लेने की प्रक्रिया हेतु टीम वर्क में कार्य किया गया। जिले में व्यापक पैमाने पर इस योजना के तहत फार्म भरा गया है। संशोधित समय-सीमा के अनुसार अनंतिम सूची आज जारी कर दी गई है। अनंतिम सूची पोर्टल पर, प्रत्येक वार्ड, ग्राम पंचायत स्तर तथा आंगनबाड़ी स्तर पर भी चस्पा किया किया गया है। आपत्तियां केवल सूची में दर्ज महिलाओं की पात्रता के संबंध में प्रमाण सहित की जा सकेगी। दावा आपत्ति का निराकरण समिति द्वारा 26 से 29 फरवरी 2024 के बीच आपत्तियों का निराकरण कर 1 मार्च 2024 को अंतिम सूची का प्रकाशन वेब पोर्टल पर उपलब्ध सूची के अनुसार ही किया जायेगा। जो आपत्तियां सही पाई जायेगी उसको मान्य करते हुए उन प्रकरणों को निरस्त किया जाएगा तथा जो आपत्तियां मान्य योग्य नहीं होगी उन्हें खारिज किया जाएगा। आपत्तिकर्ता को एसमएस के माध्यम से इसकी सूचना भी प्राप्त होगी।
